enewsmp.com
Home देश-दुनिया 92 के हुए आडवाणी; मोदी समेत दिग्गजों ने दी बधाई....

92 के हुए आडवाणी; मोदी समेत दिग्गजों ने दी बधाई....

नई दिल्ली(ईन्यूज एमपी)- भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी आज 92 साल के हो गए। उनका जन्म कराची (पाकिस्तान) में 1927 को हुआ था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने आवास पर पहुंचकर आडवाणी को बधाई दी। मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘विद्वान, राजनीतिज्ञ और सबसे आदरणीय लालकृष्ण आडवाणी जी भारत हमेशा आपके अभूतपूर्व योगदान को याद रखेगा। आडवाणी जी ने भाजपा को आकार और ताकत देने के लिए दशकों तक कठिन परिश्रम किया है।’’

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय राजनीति में अगर आज भाजपा मजबूत स्तंभ बनकर उभरी है। इसका कारण आडवाणी जी और उनके द्वारा तैयार किए गए स्वार्थहीन कार्यकर्ताओं की मेहनत है। वे हमेशा ही समाजसेवा को सर्वोपरि रखते हैं। उन्होंने कभी पार्टी की विचारधारा के साथ समझौता नहीं किया। जब लोकतंत्र को सुरक्षित करने की बात आई, तब भी वे सबसे आगे रहे। एक मंत्री के तौर पर भी दुनिया में उनकी काफी तारीफ होती है।’’

अमित शाह ने आडवाणी को बधाई दी
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘‘आडवाणी जी का पूरा जीवन राष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए समर्पित है। अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता से उन्होंने न सिर्फ पार्टी की एक मजबूत नींव रखी, बल्कि लाखों कार्यकर्ताओं को भी प्रेरित किया। सरकार में रहते हुए आडवाणी जी ने राष्ट्रहित सर्वोपरि मान भारत को नई गति देने का काम किया। अपने अथक परिश्रम और संगठन कुशलता से भाजपा को एक राष्ट्रीय पार्टी का स्वरूप देने वाले हम सबके आदरणीय और भारत के पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ जीवन और दीर्घायु प्रदान करे।’’

आडवाणी लगातार 8 बार लोकसभा सदस्य रहे
आडवाणी ने 1989 में अपना पहला लोकसभा चुनाव नई दिल्ली से जीता था। 2014 तक वे लगातार 8 बार लोकसभा सदस्य रहे। इस दौरान गांधीनगर से उन्होंने 6 बार चुनाव जीता। 1970 से 1989 तक आडवाणी राज्यसभा सदस्य रहे। भाजपा ने 2019 के आम चुनाव में गांधीनगर से आडवाणी की जगह अमित शाह को टिकट दिया। शाह ने इसी सीट से जीत दर्ज की।

ममता बनर्जी ने शुभकामनाएं दीं

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ट्वीट किया, ‘‘आडवाणी जी को जन्मदिन की बधाई। उनका स्वास्थ्य अच्छा और जीवन सुखी रहे।’’

Share:

Leave a Comment