enewsmp.com
Home सियासत शहडोल, अनूपपुर और उमरिया की जनसभाओं में बोले अजय सिंह:- भाजपा राज में 100 से अधिक घोटाले, प्रदेश नहीं भाजपा के लोग बने स्वर्णिम

शहडोल, अनूपपुर और उमरिया की जनसभाओं में बोले अजय सिंह:- भाजपा राज में 100 से अधिक घोटाले, प्रदेश नहीं भाजपा के लोग बने स्वर्णिम

भोपाल (ईन्यूज़ एमपी)- नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि भाजपा राज में पिछले 13 साल में 100 से अधिक घोटाले हुए हैं जिसमें विकास के पैसे से तो भाजपा के लोग को स्वर्णिम बने ही लेकिन व्यापमं जैसे घोटाले कर नौजवानों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया। श्री सिंह आज शहडोल जिले के बुढ़ार, अनूपपुर जिले के कोतमा और उमरिया जिले के पाली में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे।

नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा है कि हाल ही में प्याज घोटाले ने इस सरकार की नीयत और नीति दोनों के कुत्सित इरादे जाहिर कर दिए हैं। श्री सिंह ने कहा कि किसानों को राहत पहुंचाने के नाम पर दलालों की प्याज न केवल खरीदी बल्कि जनता की गाढ़ी कमाई से वसूले गए पैसे की बेतहाशा बरबादी की। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में यह घोटाला अपने आप में एक उदाहरण है। उन्होंने कहा कि शर्मनाक यह है कि जब किसानों को अपनी प्याज के दाम चाहिए तब खरीदी नहीं और बाद में तब सरकार ने 8 रूपये समर्थन मूल्य घोषित कर व्यापारियों की प्याज खरीद ली। नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि प्याज सड़ने, प्याज चोरी होने से लेकर हर स्तर पर जो भ्रष्टाचार और जनता के पैसों की लूट शिवराज सरकार ने की है वह प्रदेश के लिए कलंक है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री का जिला भ्रष्टाचार का उदाहरण बन गया है। यहां उत्पादन से 20 हजार मीट्रिक टन अधिक प्याज की खरीदी हो गई। नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा कि भाजपा अपने को जनता की मजबूरी समझ रही है। इस अहंकार या भ्रम को तोड़ने के लिए जनता को नगरीय निकाय चुनावों में शिवराज सरकार को मुंहतोड़ जवाब देना होगा।

Share:

Leave a Comment