enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश शिवराज सिंह बोले- दांडी यात्रा का संदेश है आत्मनिर्भर भारत का निर्माण.....

शिवराज सिंह बोले- दांडी यात्रा का संदेश है आत्मनिर्भर भारत का निर्माण.....

भोपाल(ईन्यूज एमपी) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आजादी के 75वें वर्ष में आयोजित दांडी यात्रा का आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का संदेश देती है। हम सभी को इसके लिए संकल्पबद्ध होना है। शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को दांडी यात्रा के दौरान गुजरात के सूरत जिले के छापरभाटा गांव में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर गुजरात के वन एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रमण लाल पाटकर, सांसद दर्शना बेन आदि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेरा बहुत बड़ा सौभाग्य है कि मुझे आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दांडी नमक सत्याग्रह की स्मृति में आयोजित, इस दांडी यात्रा में शामिल होने का अवसर मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाई, सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश का एकीकरण किया और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आत्मनिर्भर भारत का नव-निमार्ण कर रहे हैं। आज हम सब इस दांडी यात्रा के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निमार्ण का संकल्प लेते हैं।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 12 मार्च 1930 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने साबरमती आश्रम से दांडी यात्रा नमक सत्याग्रह प्रारंभ किया था और 5 अप्रैल को दांडी नवसारी पहुंच कर एक मुट्ठी नमक उठाकर अंग्रेज शासन द्वारा नमक पर लगाए गए प्रतिबंध को तोड़ दिया था। नमक प्रतीक है वफादारी का, देशभक्ति का और आज के संदर्भ में यह प्रतीक है आत्म-निर्भरता का। मुख्यमंत्री ने कहा कि उस समय महात्मा गांधी ने दांडी यात्रा के माध्यम से देश को आजाद करने का संकल्प लिया था, आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित दांडी यात्रा के माध्यम से हम संकल्प ले रहे हैं, आत्मनिर्भर भारत के निमार्ण का।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के एक हजार वर्ष के इतिहास में महात्मा गांधी जैसा व्यक्तित्व पैदा नहीं हुआ है, जिन्होंने अहिंसा के पथ पर चलकर देश को आजादी दिलवाई। हमें अंग्रेजों से आजादी आसानी से नहीं मिल गई। एक ओर महात्मा गांधी का अहिंसक आंदोलन था, वहीं दूसरी ओर हजारों क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता के लिए हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिस दिन प्रधानमंत्री मोदी ने आत्म-निर्भर भारत के निर्माण की घोषणा की थी, उसी दिन से मध्य प्रदेश में आत्म-निर्भर मध्य प्रदेश के निमार्ण पर तेजी से कार्य हो रहा है। सबसे पहले राज्य में इसका विकास रोड मैप बनाया गया, अब उस पर तत्परता के साथ अमल किया जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत, हमारे लिए मंत्र है। हम पूरी कर्त्तव्यनिष्ठा, मेहनत एवं समर्पण के साथ इसे चरितार्थ करेंगे। चौहान ने कहा कि गुजरात ने देश को महात्मा गांधी, वल्लभ भाई पटेल और मोदी जैसे महान सपूत दिए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात यात्रा के दौरान आज प्रात: मां नर्मदा एवं मां ताप्ती का दर्शन एवं पूजन किया। दोनों नदियां मध्य प्रदेश से निकलती हैं, मध्य प्रदेश एवं गुजरात में प्रवाहित होती हैं और दोनों राज्यों को दिलों से जोड़ती हैं।

Share:

Leave a Comment