enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश एमपी में कोरोना से एक दिन में 10 की मौत, 326 नए संक्रमित....

एमपी में कोरोना से एक दिन में 10 की मौत, 326 नए संक्रमित....

इंदौर (ईन्यूज एमपी)- मध्‍य प्रदेश में रविवार को 326 नए कोरोना वायरस संक्रमित मिले । एक ही दिन में इस बीमारी से 10 लोगों की मौत हो गई। भोपाल में एक बार फिर कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के बाद अब राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरसएस) के कार्यालय 'समिधा' तक संक्रमण पहुंच गया है। संघ के दो प्रचारकों समेत भोपाल में रविवार को 74 नए संक्रमित मिले। वहीं ग्वालियर-चंबल अंचल में संक्रमण का बुरा दौर चल रहा है। रविवार को यहां 115 नए मरीज मिले।

ग्वालियर और मुरैना की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। रविवार को कुल 115 संक्रमित मिले, जिसमें ग्वालियर के 55, मुरैना के 28 मरीज शामिल हैं। शिवपुरी में पहली बार एक दिन में 20 पॉजिटिव आए हैं।


जबलपुर : छह नए मरीज मिले हैं। संक्रमित 6 नए मरीज सामने आए। जिले में कुल मरीज संख्या 442 पहुंच गई है। उधर, कटनी में एक साथ 7, बालाघाट में 3, रीवा में 2 और सीधी में एक मरीज मिला है।


सागर : रविवार को सागर में छह, विदिशा में पांच नए मरीज मिले हैं। पॉजिटिव मरीजों में जिला अस्पताल की कोरोना जांच ट्रू नेट लैब के प्रभारी डॉक्टर भी शामिल हैं। यह डॉक्टर 2 जुलाई को स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव फैज अहमद किदवई के निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उनके पीछे मौजूद थे। होशंगाबाद निवासी एक युवक जबलपुर में कोरोना पॉजिटिव पाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बैतूल में भी रविवार को पांच नए मामले सामने आए हैं।



गुना : सिटी कोतवाली थाने में आरक्षक के बाद अब हवलदार भी कोरोना पॉजिटिव निकला है। कोतवाली के 90 स्टाफ में से आधा स्टाफ क्वारंटाइन किया गया है।

खंडवा : 13 नए मरीजों में दो सिंधी कॉलोनी और एक सूरत (गुजरात) निवासी है, वहीं एक मूंदी का है, जबकि छह हरसूद और बॉम्बे बाजार, इंदौर नाका व शिवपुरम कॉलोनी से एक-एक है। जिले में संक्रमितों की संख्या में 343 तक पहुंच गई है। 274 स्वस्थ हो चुके हैं। 17 की मौत हुई है। सक्रिय मरीज 52 हैं।



खरगोन : जिले में चार नए संक्रमित मिले, जबकि 96 रिपोर्ट निगेटिव आई। अब तक जिले में 313 संक्रमित हुए हैं। इनमें से 15 की मौत हुई है और 263 स्वस्थ हुए हैं। एक्टिव के स 35 हैं।

रतलाम : रविवार को सात और रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। सभी रतलाम निवासी हैं। तीनऔर मरीज स्वस्थ होकर घर गए। जिले में अब तक 178 पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से 145 मरीजों को छुट्टी दे दी गई है। छह की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस 27 हैं।



नीमच : जिले में रविवार को तीन बार आई रिपोर्टों में 12 पॉजिटिव मिले। जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 472 हो गई है। इनमें से 434 स्वस्थ हो घर लौट चुके हैं। नौ की मौत हो चुकी है।

शाजापुर : तीन और मरीज मिले। अब तक 71 मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें से तीन की मृत्यु हो गई है। 50 स्वस्थ हो चुके हैं और 18 का इलाज चल रहा है।

बड़वानी : चार नए पॉजिटिव मिले। अब तक जिले में 130 संक्रमित सामने आ चुके हैं। इनमें से 105 स्वस्थ होकर घर गए। शेष 21 का इलाज चल रहा है, जबकि चार की मौत हो चुकी है।



आगर-मालवा : एक युवक पॉजीटिव मिला। इसे जिला चिकित्सालय के कोविड सेंटर में भर्ती किया गया है।

देवास : शहर से लगे गांव जामगोद में एक पॉजिटिव मिला है। जिले में अब 238 पॉजिटिव हो गए हैं। इनमें से 192 स्वस्थ हो चुके हैं, 10 की मौत हुई है तो 36 का इलाज चल रहा है।

आलीराजपुर : जिले की महिला गुजरात के दाहोद में संक्रमित पाई गई है। वह जोबट के पास ग्राम खुटाजा की निवासी है। वह कैंसर से पीड़ित है। 3 जुलाई को उसे इलाज के लिए दाहोद के निजी अस्पताल ले जाया गया था।

उज्जैन में तीन नए केस, 18 सक्रिय मरीज

उज्जैन जिले में कोरोना संक्रमण के तीन नए मामले सामने आए हैं। रविवार को 933 सैंपलों की रिपोर्ट आई है। जिले में अब तक 869 संक्रमित मिले हैं। इनमें 780 ठीक हो चुके हैं। 71 की मौत हुई है। 18 सक्रिय मरीज हैं। इनमें से भी सात मरीजों में कोई लक्षण नहीं हैं। अब तक 24,199 लोगों के सैंपल की जांच की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा देर रात जारी बुलेटिन के अनुसार एक-एक महाकाल वाणिज्य केंद्र व श्रीकृष्ण कॉलोनी और एक संक्रमित इंगोरिया चौपाटी से मिला है।

कहां कितने नए मरीज

भोपाल 74 ग्वालियर 55 मुरैना 28 शिवपुरी 20 खंडवा 13 नीमच 12 भिंड 8 रतलाम 7 कटनी 7 सागर 6 जबलपुर 6 विदिशा 5 बैतूल 5 श्योपुर 4 टीकमगढ़ 4 खरगोन 4 बड़वानी 4 शाजापुर 3 बालाघाट 3 रीवा 2 आगर-मालवा 1 देवास 1 आलीराजपुर 1 छतरपुर 1 सीधी 1

Share:

Leave a Comment