enewsmp.com
Home सियासत राजनीतिक स्वार्थ के लिए बच्चों को मोहरा बना रहे हैं मुख्यमंत्री:- नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह

राजनीतिक स्वार्थ के लिए बच्चों को मोहरा बना रहे हैं मुख्यमंत्री:- नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह

भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा है कि क्या मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने मंत्रियों को बच्चों को पढ़ाने के पहले उन्हें शिक्षित करने के लिए कोई कार्यक्रम चलाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए बच्चों को मोहरा बना रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि "आओ मिल बांचें"कार्यक्रम में उन्होंने मंत्रियों की ड्यूटी लगा दी बच्चों के बीच जाने की, लेकिन इसके पहले उनके ज्ञान का टेस्ट ले लेते। श्री सिंह ने कहा कि राज्यमंत्री सूर्यप्रकाश मीणा ने अपने सामान्य ज्ञान से बता दिया कि वे बच्चों के पढ़ाने के कितने योग्य हैं। इसी तरह स्कूल शिक्षा मंत्री सरकारी योजनाओं की जानकारी देते रहे बच्चों को। उन्होंने कहा कि नौनिहालों के साथ भी मुख्यमंत्री खिलवाड़ कर रहे हैं। अपने राजनीतिक स्वार्थ की पूर्ति के लिए बच्चों का सहारा ले रहे हैं। अगर उनकी वाकई में स्कूल शिक्षा, स्कूल परिसर, भवन और संसाधनों पर ध्यान देने की मंशा होती तो हजारों स्कूल शिक्षक विहीन, भवन विहीन और शौचालय विहीन नहीं होते।

नेता प्रतिपक्ष श्री सिंह ने कहा आओ मिल बांचें कार्यक्रम के जरिये राजधानी में ही स्कूलों के जो हालात सामने आए हैं वे बताते हैं कि मुख्यमंत्री की मंशा व्यवस्था में सुधार की नहीं सिर्फ जनता को अपनी नौटंकी से गुमराह करना चाहते हैं। श्री सिंह ने कहा अगर उनकी बच्चों और शिक्षा के प्रति चिंता होती, तो सबसे पहले अपने विधानसभा क्षेत्र में ही सुधार करते जहां झोपड़ी में स्कूल लग रहे हैं। श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बच्चों को एक अच्छी शिक्षा दी "शिकारी आता है जाल फैलाता है, हमें जाल में नहीं फंसना है।

Share:

Leave a Comment