enewsmp.com
Home देश-दुनिया खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस ने दर्ज की जीत, यशोदा वर्मा ने बीजेपी के कोमल जंघेल को 20 हजार 67 वोटों से हराया......

खैरागढ़ उपचुनाव में कांग्रेस ने दर्ज की जीत, यशोदा वर्मा ने बीजेपी के कोमल जंघेल को 20 हजार 67 वोटों से हराया......

खैरागढ़-राजनांदगांव (ईन्यूज एमपी)- खैरागढ़ विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज कर ली है। उम्‍मीदवार यशोदा वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा प्रत्‍याशी कोमल को 20 हजार 67 वोटों से हरा दिया। इस जीत पर कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा ने कहा कि यह खैरागढ़ की जनता की जीत है। भूपेश सरकार के कामकाज पर जनता ने मुहर लगाई है।

इस बीच मतगणना स्थल पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस ने सेमीफाइनल जीत लिया है और 2023 में होने वाले फाइनल चुनाव में भी शानदार जीत दर्ज करेंगे। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री, उनके मंत्रिमंडल और कांग्रेस के सभी विधायकों की मेहनत के साथ-साथ क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया।

मरकाम ने कहा कि कड़ी धूप में कार्यकर्ताओं ने उसी तरह कड़ी मेहनत की है। नए जिले निर्माण की घोषणा के संबंध में उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपना हर वादा पूरा करती रही है। घोषणा के अनुसार 24 घंटे के भीतर खैरागढ़ को नया जिला बनाने का आधिकारिक ऐलान कर दिया जाएगा।

हार के बाद भाजपा प्रत्याशी कोमल जंघेल ने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है। कांग्रेस ने इस चुनाव में कई तरह के हथकंडे अपनाए। उसके बाद भी भाजपा के कार्यकर्ताओं ने कड़ी मेहनत करके डटकर मुकाबला किया उन्होंने कहा कि जनता के लिए उनका और पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

जानें कांग्रेस काे किस-किस राउंड में मिली बढ़तः

-21वें राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा करीब 21000 मतों से आगे चल रही थीं, दूसरे स्थान पर भाजपा के कोमल जंघेल थे। पिछला चुनाव यहां से जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ ने जीती थी। उसके प्रत्याशी इस बार चौथे नंबर पर हैं।


-15वें राउंड में कांग्रेस आगे चल रही थीं। इसके बाद कांग्रेस की बढ़त का अंतर बढ़ने लगा। कांग्रेस उम्‍मीदवार यशोदा वर्मा भाजपा के कोमल जंघेल से 15633 मतों से आगे हाे गईं।

-12 वां राउंड भी कांग्रेस के लिए अच्छा रहा। यशोदा वर्माको 5178 व कोमल जंघेल को 3170 वोट मिले। इस तरह कांग्रेस को 2802 से बढ़त मिली थी।

-10 वें राउंड में कांग्रेस को एक बार फिर बड़ी बढ़त मिली। इसमें कुल 2116 मतों से बढ़त के साथ कांग्रेस ने जीत की ओर कदम बढ़ा दिया। यशोदा वर्मा को 4705 और कोमल जंघेल को 2589 वोट मिले थे। इस तरह कुल बढ़त 12,000 से अधिक मतों की हो गई थी।


-9 वें राउंड में कांग्रेस छह मतों से आगे रही। यशोदा वर्मा को 4310 और भाजपा के कोमल को 4304 वोट मिले थे। सातवें राउंड की मतगणना के बाद कांग्रेस 9991 मतों से आगे हो गई थी।

यहां से मिला कांग्रेस काे साथः दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के गांव उदयपुर में कांग्रेस शुरू से आगे रही। यहां से कांग्रेस ने 554 मतों से बढ़त हासिल की कर ली थी। यशोदा को 804 और कोमल जंघेल को 250 वोट मिले थे।


फैक्ट फाइलः

-उपचुनाव में कुल 165978 वोट पड़े थे। इनकी गिनती के लिए मतगणना स्थल बीज निगम के गोदाम में 14 टेबल लगाए गए थे, यहां 21 चक्रों में मतगणना पूरी हुई। इसके लिए 250 अधिकारी कर्मचारी लगाए गए थे। हर टेबल में एक माइक्रो आब्जर्वर और दो कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई थी। साथ में सभी प्रत्याशियों के एक-एक अभिकर्ता भी मतगणना स्थल पर मौजूद थे।

-खैरागढ़ क्षेत्र के लोगों को शनिवार को नया विधायक मिल गया। जीतने वाले कांग्रेस उम्मीद्वार यशाेदा क्षेत्र की 17वें विधायक बनीं। 1957 से अस्तित्व में आए इस विधानसभा क्षेत्र में अब तक 13 बार आम व चार बार उपचुनाव हुए हैं। अभी वाले उपचुनाव में कुल 10 प्रत्याशियों ने भाग्य आजमाया है।


Share:

Leave a Comment