enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सतना में पूर्व सीएम आज, होली मिलन के जरिए साधेंगे सियासी समीकरण, पाटेंगे खेमों की खाई.....

सतना में पूर्व सीएम आज, होली मिलन के जरिए साधेंगे सियासी समीकरण, पाटेंगे खेमों की खाई.....

सतना (ईन्यूज एमपी)-प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह आज 10 मार्च को सतना आएंगे। वे यहां विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। माना जा रहा है कि दिग्गी यहां रंग और होली मिलन के जरिए बिखरी पड़ी कांग्रेस को एकजुट करने की कोशिश करेंगे।


जारी कार्यक्रम के मुताबिक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह 10 मार्च को सुबह सतना आएंगे। वे स्थानीय सर्किट हाउस में कुछ देर विश्राम करने के पश्चात सुबह 11 बजे सतना विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा के तत्वावधान में आयोजित होली मिलन समारोह में हिस्सा लेंगे। कुछ अन्य निजी कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के पश्चात दोपहर 12.30 बजे वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्व. केपीएस तिवारी के ग्रह ग्राम सेल्हना जाएंगे और दिवंगत नेता को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। दिग्विजय दोपहर 1:30 बजे रामपुर बघेलान के कृष्णा पैलेस में आयोजित मंडलम एवं सेक्टर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे।

इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर बाद 3 बजे पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, पंचायती राज और नगरीय निकाय के जनप्रतिनिधियों, मोर्चा संगठन, विभागों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ एवं कनिष्ठ नेताओं व पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करेंगे। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शाम 6 बजे रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे। कांग्रेस अध्यक्षों ने सभी कांग्रेस नेताओं- कार्यकर्ताओ को पूर्व मुख्यमंत्री की मौजूदगी में होने वाली बैठक में शामिल होने को कहा है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के इस सतना दौरे को कांग्रेस की चुनावी तैयारी के लिहाज से देखा जा रहा है। सतना में दिग्गी के समर्थकों की संख्या खूब है। कांग्रेस सतना में हमेशा खेमों में बंटी रही है। यहां पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पूर्व डिप्टी स्पीकर राजेन्द्र सिंह के खेमे तो थे ही एमपी की सियासत में कमलनाथ की एंट्री के बाद उनका भी खेमा खड़ा हो गया। नाथ के कार्यकाल में राहुल की तवज्जो में कमी आई तो पहले से ही खोदी खाई और बड़ी हो गई जिसका खामियाजा पूरी कांग्रेस को भुगतना पड़ रहा है। माना जा रहा है कि दिग्गी का दौरा इसी खाई को पाटने की कोशिश है।

Share:

Leave a Comment