enewsmp.com
Home देश-दुनिया 24 घंटे बाद आएगा चक्रवाती तूफान Amphan‍,राज्यों में तेज हवा-भारी बारिश का जारी हुआ अलर्ट

24 घंटे बाद आएगा चक्रवाती तूफान Amphan‍,राज्यों में तेज हवा-भारी बारिश का जारी हुआ अलर्ट

दिल्ली (ईन्यूज एमपी)- साल 2020 का पहला चक्रवाती तूफान अंफन अगले 24 घंटों में आ सकता है। आशंका है कि यह लैंडफॉल से पहले अति भीषण चक्रवात बन जाएगा। इसके संभावित ट्रैक को देखते हुए भारत के तमाम क्षेत्रों को अलर्ट कर दिया गया है। पूर्वी तटों पर तमिलनाडु और पुद्दुचेरी से लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिज़ोरम और मणिपुर जैसे तटीय क्षेत्रों को अलर्ट किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इस समय देश में वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस एक्टिव है। इसके कारण देश के पहाड़ी क्षेत्रों जैसे, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान व पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मौसम बिगड़ सकता है। इन राज्‍यों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेन्‍ज अलर्ट जारी किया है। और लोगों से सतर्क रहते हुए घरों से बाहर नहीं निकलने की चेतावनी दी गई है। अंडमान व निकोबार द्वीपसमूह में तूफानी हवाओं के साथ पहले से ही भारी बारिश हो रही है। अगले 48 घंटों तक अंडमान पर इसका प्रभाव बना रहेगा।

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि कल शाम (16 मई) को बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान एम्फन (Amphan) आएगा, जिसके चलते अंडमान निकोबार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश हो सकती है। इस चक्रवाती तूफान के असर के चलते देश के आठ राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार, अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आज और कल भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा ओडिशा के तटीय इलाकों और पश्चिम बंगाल में भी कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है।मछुआरों को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण और सेंट्रल इलाके के समुद्र में ना जाने की सलाह दी गई है। साथ ही जो मछुआरे समुद्र के इन इलाकों में गए हैं, उन्हें भी तुरंत वापस लौट आने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भी चक्रवाती तूफान एम्फन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के तटीय इलाकों में आगे 2-3 दिनों में भारी बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।


यह है तूफान की दिशा

चक्रवाती तूफान बनने के बाद 17 मई तक यह उत्तर पश्चिमी दिशा में बढ़ता रहेगा। चेन्नई से महज़ 600 किलोमीटर दूर तक पहुंचने के बाद यह अपना रास्ता बदलेगा और उत्तर दिशा में आंध्र प्रदेश के तटों की तरफ बढ़ेगा। उसके बाद पुनः इसके रास्ता बदलने की संभावना है। तब यह अनुमान है कि उत्तर तथा उत्तर पूर्वी दिशा में आगे बढ़ेगा।

इन राज्‍यों को किया गया है अलर्ट

चक्रवाती तूफान की आशंका के चलते आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिज़ोरम और मणिपुर में अलर्ट जारी किया गया है।

Share:

Leave a Comment