enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश मनरेगा में गड़बड़ी पड़ी भारी, तकनीकी सहायक बर्खास्त

मनरेगा में गड़बड़ी पड़ी भारी, तकनीकी सहायक बर्खास्त

बलौदाबाजार(ईन्यूज एमपी)- मनरेगा से रोजगार उपलब्ध कराने में गड़बड़ी, फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन कराने में लापरवाही बरतने पर कसडोल जनपद के तकनीकी सहायक को बर्खास्त कर दिया गया है। जिला पंचायत सीईओ आशुतोष पांडेय ने संविदा में कार्यरत तकनीकी सहायक मंदीप लहरे को तत्काल सेवा से बर्खास्त कर दिया है। दरअसल तकनीकी सहायक ने अधिकारियों को सही जानकारी नहीं देकर फिजिकल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया। इससे मनरेगा में काम कर रहे 117 श्रमिकों में कोरोनावायरस संक्रमण का खतरा उत्पन्न हो गया था। मौका मुआयना में गड़बड़ी पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।

गत दिनों अधिकारियों ने मनरेगा कार्यस्थल का मुआयना किया। निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि तकनीकी सहायक मंदीप लहरे को आबंटित ग्राम पंचायत चिखली, नवागांव एवं खपरीडीह में मनरेगा कार्य संचालित नहीं किया जा रहा है। जिसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को नहीं दी गई थी। साथ ही इस बारे में पूछने पर उन्होंने 80 किलोमीटर दूर आबंटित गांव का नाम बताकर उच्च अधिकारियों को गुमराह किया।

तकनीकी सहायक को उच्च अधिकारियों के दौरे का पता चला तो उन्होंने आनन-फानन में कोरोना महामारी के दौरान बिना किसी सुरक्षा मानकों, गाईडलाइन का पालन किए बिना लगभग 117 श्रमिकों को कार्यस्थल पर एकत्रित कर लिया और उच्चाधिकारियों को भी भ्रमित किया।

श्रमिकों को एक साथ एकत्र करने से फिजिकल डिस्टेंसिंग नियमों का उल्लंघन हुआ। साथ ही मजदूरों की जान को जोखिम में डाला गया। इस संबंध में मंदीप लहरे को जिला पंचायत स्तर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जिसका जवाब भी संतोषजनक नहीं देकर उनके द्वारा लापरवाही करना स्वीकार किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एवं कोविड-19 संक्रमण के दौरान गैर-जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने और उच्चाधिकारियों को भ्रमित करने का आरोप दोष सिद्ध पाए जाने के साथ ही विभिन्न स्तर पर शासन के निर्देशों की अवहेलना करने की वजह से मंदीप लहरे तकनीकी सहायक जनपद पंचायत कसडोल की संविदा सेवा समाप्त कर दी गई। जिला पंचायत सीईओ पांडेय ने कहा है कि लोगों को सुरक्षा के साथ रोजगार दिलाना हम सब की जिम्मेदारी है। कोविड-19 में जिला पंचायत कर्मचारियों की किसी प्रकार की लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नही किया जाएगा।

Share:

Leave a Comment