enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश हादसे का शिकार हुई तेंदूपत्ता तोड़ने जा रही महिलाएं, 2 की मौत, 23 घायल.....

हादसे का शिकार हुई तेंदूपत्ता तोड़ने जा रही महिलाएं, 2 की मौत, 23 घायल.....

बीना (ईन्यूज एमपी)- बीना-सागर नेशनल हाईवे पर तीन पहिया लोडिंग वाहन पलट गया। हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। चालक सहित 23 लोग घायल हैं। सभी जरुआखेड़ा के जंगल में तेंदूपत्ता तोड़ने जा रहे थे। लोडिंग वाहन में ड्राइवर और 24 महिलाएं सवार थीं।

हादसा शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे सागर जिले के खुरई के नरेन नदी के पास हुआ। खुरई निवासी संध्या (30) पति मुकेश अहिरवार की मौके पर ही मौत हो गई। रेंगुआ की रहने वाली लाडली बाई (50) पति ग्यारसे अहिरवार ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। खुरई एसडीएम मनोज कुमार चौरसिया ने बताया कि गंभीर घायल 6 महिलाओं को सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

बताया जा रहा है कि लोडिंग वाहन में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। इसी वजह से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। लोगों के कॉल करने पर चार एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस के पायलेट मनोज राय ने बताया कि जैसे ही कंट्रोल रूम से कॉल आया, तीन एम्बुलेंस घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं। साथ में ही एक जननी एक्सप्रेस भी मौके पर पहुंची। सभी घायलों को खुरई सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अब्दुल कलाम वार्ड के रहने वाले ड्राइवर आकाश (22) पिता सुदामा विश्वकर्मा ने बताया कि उसके वार्ड की कुछ महिलाओं ने जरुआखेड़ा के जंगल ले जाने के लिए कहा था। रास्ते में कुछ और महिलाएं बैठ गईं। इससे सवारियों की संख्या 24 हो गई। नरेन नदी के पास सामने से तेजी से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में लोडिंग वाहन सड़क किनारे पलट गया।

Share:

Leave a Comment