enewsmp.com
Home सियासत समर्थन के लिए पीसीसी दफ्तर पहुंचे शशि थरूर,भोपाल में लगा जमावड़ा....

समर्थन के लिए पीसीसी दफ्तर पहुंचे शशि थरूर,भोपाल में लगा जमावड़ा....


भोपाल(ईन्यूज एमपी)-कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शशि थरूर पार्टी के भीतर अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए विभिन्‍न प्रदेशों का दौरा कर रहे हैं। इसी सिलसिले में वह शुक्रवार को फ्लाइट से भोपाल पहुंचे। विमानतल से वह सीधे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर पहुंचे, जहां वह प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ सहित वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे हैं।

शशि थरूर ने कांग्रेस प्रतिनिधियों से कहा पार्टी को मजबूत बनाया हमारा मकसद है। पार्टी में बदलाव के लिए प्रयास हो रहे हैं। कार्यकर्ता की भागीदारी हर चीज में होना चाहिए। सोनिया गांधी ने काफी काम किया। वरिष्ठ नेताओं से कार्यकर्ताओं का सीधा संपर्क होना चाहिए। पीसीसी डेलिगेट होने के नाते आपको अध्यक्ष चुनने का मौका मिला है। यह बड़ी जिम्मेदारी है। हमारे यहां चुनाव के माध्यम से अध्यक्ष चुना जा रहा है। यह बड़ा बदलाव है। पार्टी के अंदर ऊर्जा लाने के लिए यह कवायद हो रही है। हमारे सामने कई चुनौतियां हैं और हम उससे निपटने के लिए तैयार हैं। सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तीनों से बात हुई। उन्होंने कहा कि हम चुनाव की प्रक्रिया से खुश हैं और हम चाहते हैं कि चुनाव हों और कार्यकर्ता अध्यक्ष चुनें। गुप्त मतदान है इसमें किसी को यह जानकारी नहीं होगी कि कौन किसे वोट दे रहा है। गांधी परिवार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि हम निष्पक्ष हैं। जब आप मतदान करने के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय आएंगे तो मतदाता सूची में आपका नाम देखा जाएगा और जो मतपत्र दिया जाएगा, वह पूरे देश में एक जैसा है। चाहे मेरी जीत हो या फिर मल्लिकार्जुन खड़गे की, अंततः यह कांग्रेस की जीत होगी।

इससे पहले बुधवार को अध्‍यक्ष पद के एक और उम्‍मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे ने मध्‍यप्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों से मुलाकात की थी। कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्यक्ष पद को लेकर मतदान 17 अक्टूबर को होना है। प्रदेश के 504 प्रतिनिधि भी इस मतदान प्रक्रिया में हिस्‍सा लेंगे। इसके लिए सभी को चुनाव प्राधिकरण द्वारा परिचय पत्र दिए जा चुका है। शशि थरूर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ निर्वाचित प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधियों से चर्चा करके दोपहर दो बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

Share:

Leave a Comment