enewsmp.com
Home देश-दुनिया कर्नाटक चुनाव परिणाम, कांग्रेस ने दी भाजपा को पटकनी,कांग्रेस में जश्न का माहौल

कर्नाटक चुनाव परिणाम, कांग्रेस ने दी भाजपा को पटकनी,कांग्रेस में जश्न का माहौल

कर्नाटक (ईन्यूज एमपी)-कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। रुझानों में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी को पटखनी देती दिख रही है। रुझानों में बढ़त के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल शुरू हो गया है। अब तक के रुझानों में कांग्रेस को 118 सीटों पर आगे चल रही है जबकि भाजपा 75 और जनता दल सेक्यूलर 24 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस की सफलता को भारत जोड़ो यात्रा के सकारात्मक परिणाम के रूप में देखा जा रहा है। राज्य में कांग्रेस की बढ़त की खबरें आते ही कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल पर यात्रा के दौरान का एक वीडियो साझा कर लिखा, "मैं अजेय हूं, मुझे भरोसा है आज मुझे कोई रोकनेवाला नहीं है।" कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम बता रहे हैं राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा से कर्नाटक में लंबे समय से हांफती पार्टी को जनता से जोड़ने में सफल रहे हैं। यात्रा से जुड़ा वीडियो खुद साझा कर पार्टी ने इस बात पर मुहर भी लगा दी है।

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के रुझानों /नतीजों के मुताबिक वहां पूर्ण बहुमत के साथ कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने जा रही है। कर्नाटक में कांग्रेस के शानदार प्रदर्शन से मप्र में भी पार्टी के समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही कर्नाटक की चुनावी तस्‍वीर साफ हुई, कांग्रेसियों ने जश्‍न मनाना शुरू कर दिया।

राजधानी भोपाल में पार्टी के प्रदेश मुख्‍यालय में विधायक व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, जिला महिला कांग्रेस अध्‍यक्ष संतोष कसाना समेत बड़ी संख्‍या में पार्टी कार्यकर्ता जुटे और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर व ढोल-नगाड़ों के साथ आतिशबाजी करते हुए कर्नाटक की जीत का जश्‍न मनाया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ता हाथ में बजरंगबली की तस्‍वीर भी लिए नजर आए। गौरतलब है कि कर्नाटक चुनाव में भाजपा ने 'बजरंगबली' को मुद्दा बनाने की कोशिश की थी, लेकिन उसका यह दांव काम नहीं आया।




Share:

Leave a Comment