enewsmp.com
Home देश-दुनिया सिद्धारमैया बने कर्नाटक सीएम,डीके शिवकुमार डिप्टी, 8 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ.....

सिद्धारमैया बने कर्नाटक सीएम,डीके शिवकुमार डिप्टी, 8 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ.....

बेंगलुरु(ईन्यूज एमपी)-कर्नाटक में शनिवार को कांग्रेस की सरकार बन गई। सिद्धारमैया ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने दोपहर 12.30 बजे उन्हें पद की शपथ दिलाई। इनके बाद, डीके शिवकुमार ने इकलौते डिप्टी CM के तौर पर शपथ ली।


डॉ जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, केजे जॉर्ज और एमबी पाटिल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया। सतीश जारकीहोली, प्रियांक खड़गे (मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे), रामालिंगा रेड्‌डी और जमीर अहमद खान ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इस मौके पर राहुल गांधी ने कहा, 'हमने आपसे 5 वादे किए थे। 1-2 घंटे में कर्नाटक सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग होगी। उसमें ये 5 वादे कानून बन जाएंगे। मैंने कहा था कि हम झूठे वादे नहीं करते। हम जो कहते हैं, वह करते हैं।'

13 मई को कर्नाटक व‍िधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे। कांग्रेस ने 224 सीटों में से 135, BJP ने 66 और JDS ने 19 सीटों पर जीत हासिल की थी। नतीजे आने के बाद कांग्रेस में CM पद को लेकर पांच दिन तक मंथन चलता रहा। सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच दावेदारी थी। आलाकमान ने सिद्धारमैया को चुना। डीके को सोनिया गांधी ने डिप्टी CM के लिए मनाया।

शपथ ग्रहण में नौ विपक्षी पार्टियों के नेता मौजूद रहे। इनमें महबूबा मुफ्ती (PDP), नीतीश कुमार (JDU), तेजस्वी यादव (RJD), डी राजा और सीताराम येचुरी (लेफ्ट), एमके स्टालिन (DMK), शरद पवार (NCP), फारूख अब्दुल्ला (नेशनल कांग्रेस), कमल हासन (मक्कल नीधि माईम) शामिल हैं।

इनके अलावा, कांग्रेंस से राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कमलनाथ और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के CM भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। सोनिया गांधी नहीं पहुंचीं।

कर्नाटक कांग्रेस ने शपथ समारोह के लिए जिन नेताओं को न्योता नहीं दिया है उनमें भाजपा, अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (AAP), ओडिशा के CM नवीन पटनायक की पार्टी बीजू जनता दल (BJD), तेलंगाना के CM के चंद्रशेखर राव की पार्टी भारत राष्ट्र समिति (BRS), आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री YS जगनमोहन रेड्‌डी की पार्टी (YSR कांग्रेस), केरल के CM पी विजयन शामिल हैं।

2018 में कांग्रेस-JDS की गठबंधन की सरकार के शपथ ग्रहण में भी विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए थे। तब JDS के एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बनाए गए थे। समारोह में समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, RJD से तेजस्वी यादव, CPI(M) के सीताराम येचुरी, NCP के शरद पवार, RLD के अजित सिंह शामिल हुए थे।

8 में से सबसे ज्यादा 3 मंत्री SC से, साउथ कर्नाटक को तवज्जो दी
पहली कैबिनेट में नॉर्थ कर्नाटक की जगह साउथ कर्नाटक को तवज्जो दी गई है। साउथ कर्नाटक से 5 मंत्री हैं, जबकि नॉर्थ से सिर्फ 3 हैं। वहीं, 8 में से सबसे ज्यादा 3 मंत्री SC से हैं। बाकी समुदाय से भी मंत्री बनाकर कांग्रेस ने सोशल इंजीनियरिंग की है।

CM कुरुबा से तो डिप्टी CM डीके शिवकुमार वोक्कालिका जाति से हैं। इनके अलावा, डॉ जी परमेश्वर, केएच मुनियप्पा, प्रियांक खड़गे SC से हैं। सतीश जारकीहोली ST, एमबी पाटिल लिंगायत कम्युनिटी, केजी जॉर्ज क्रिश्यन, जमीर अहमद खान मुस्लिम, रामालिंगा रेड्‌डी रेड्डी समुदाय से हैं।

कर्नाटक कैबिनेट में कुल 34 मंत्रियों को शामिल किया जाना है। अभी सिर्फ 8 को शामिल किया गया है। जिन मंत्रियों ने आज CM सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के साथ शपथ ली, वे कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे और आलाकमान के सीधे संपर्क में हैं। यही वजह है कि इनके मंत्री बनाने में कोई दिक्कत नहीं हुई।

सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार गुट के जिन विधायकों को मंत्री बनाया जाना है, उनके आलाकमान से सीधे कनेक्शन नहीं हैं, इसलिए उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने पर चर्चा होगी। इसके लिए CM और डिप्टी CM आज शाम ही दोबारा दिल्ली जा सकते हैं।

आज से ही लागू होंगे कर्नाटक कांग्रेस सरकार के पांच वादे
कर्नाटक में कांग्रेस पार्टी ने जनता से जो 5 वादे किए हैं, उन्हें आज ही कैबिनेट की पहली बैठक में मंजूरी दी जाएगी। शाम को 4 बजे पहली कैबिनेट की मीटिंग होगी। इसमें CM डिप्टी CM के साथ 8 मंत्री शामिल होंगे। कांग्रेस आलाकमान ने चुनाव प्रचार में कहा था कि हमने जो वादे किए हैं, उन्हें पहली कैबिनेट में ही पूरा किया जाएगा।


पांच दिन की मान-मनौव्वल के बाद माने थे डीके
पिछले शनिवार को हुई मतगणना में कर्नाटक की 224 सीटों में से कांग्रेस को 135, भाजपा को 66, जनता दल एस को 19 और अन्य को 4 सीट मिली थीं। बहुमत मिलने के बाद कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार के समर्थक उनको मुख्यमंत्री बनाना चाहते थे। लेकिन, कांग्रेस की पसंद सिद्धारमैया थे।

पांच दिन की मान-मनौव्वल और सोनिया गांधी के हस्तक्षेप के बाद कर्नाटक CM पद के लिए अड़े डीके शिवकुमार आखिरकार मान गए। तय हुआ कि सिद्धारमैया कर्नाटक के CM और डीके शिवकुमार डिप्टी CM होंगे। गुरुवार रात बेंगलुरु में हुई विधायक दल की बैठक में सिद्धारमैया को विधायक दल का नेता भी चुन लिया गया।

शिवकुमार 50-50 फॉर्मूले पर राजी हुए हैं। पहले ढाई साल सिद्धारमैया CM रहेंगे और बाद के ढाई साल डीके। यानी डीके लोकसभा चुनाव के बाद 2025 में मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि तब कर्नाटक का कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा, इसका नाम अभी तय नहीं है।

Share:

Leave a Comment