enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीएम ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत पात्र महिलाओं के खाते में राशि की अंतरित,सीधी जिले की 215340 महिलाओं के खाते में आई राशि....

सीएम ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत पात्र महिलाओं के खाते में राशि की अंतरित,सीधी जिले की 215340 महिलाओं के खाते में आई राशि....

भोपाल(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के बुरहानपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश की एक करोड़ 31 लाख से अधिक बहनों के खाते में सिंगल क्लिक से लाड़ली बहना योजना की मासिक किस्त 1597 करोड़ रूपए की राशि उनके खाते में अंतरित की गई। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अन्तर्गत सीधी जिले की 2 लाख 15 हजार 340 पात्र महिलाओं के खाते में प्रति महिला 1250 रूपये के मान से 21 करोड़ 18 लाख 85 हजार 06 सौ रूपये अंतरित की गई। जिले की सभी ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में खुशियां मनाई गईं। सभी ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों के प्रत्येक वार्ड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा सभी पात्र महिला हितग्राहियों द्वारा सहभागिता की गई। महिला हितग्राहियों ने लाड़ली बहना थीम पर आधारित रंगोली, लोक गीत एवं लोक नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य माध्यमों से मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान का आभार व्यक्त किया।

मानस भवन सीधी में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रीती पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रही है। प्रत्येक माह एक निश्चित राशि मिलने से बहनों के आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है। इस माह से बहनों के खाते में 1250 रुपये की राशि डाली जा रही है। यह राशि धीरे-धीरे बढ़कर 03 हजार रुपये प्रति माह की जाएगी। इस योजना से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। वे सशक्त, आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बन देश और प्रदेश के विकास में अपना योगदान देगी।

सांसद ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान महिलाओं तथा बच्चियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। यह मुख्यमंत्री जी के ही प्रयास हैं कि लाड़ली लक्ष्मी योजना से बेटियों के प्रति समाज में एक सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है। आज प्रदेश में लिंगानुपात बढ़ा है, बेटियों के जन्म पर उत्सव मनाया जाता है। बेटी के जन्म से उसके पढ़ाई लिखाई की पूरी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार ने ली है। अब मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से बहनों की सशक्तिकरण की दिशा में क्रान्तिकारिक पहल की है। यह घटना अद्वितीय और अभूतपूर्व है। यह राशि बहनों के सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगी। साथ ही समूह के माध्यम से महिलाएं प्रदेश में सशक्त हो रही है। सांसद ने कहा कि 27 साल से लंबित नारी शक्ति विधेयक सरकार ने पारित कर प्रधानमंत्री जी ने महिलाओं को उनके अधिकार दिलाए हैं। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की मातृ शक्ति के प्रति सकारात्मक सोच को दर्शाता है।

सांसद ने कहा कि सरकार की योजना घर-घर पहुंच रही है यह केंद्र और राज्य सरकार के अथक प्रयासों से संभव हुआ है। सरकार आप सब की सुरक्षा और सुविधा के लिए तत्पर है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी गरीब एवं वंचित वर्ग के लोगों के उत्थान के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना से गरीब परिवार के लोगों का पक्का मकान का सपना पूरा हुआ है। उज्ज्वला योजना अंतर्गत गैस कनेक्शन देकर महिलाओं के जीवन में अद्वितीय परिवर्तन हुआ है पहले महिलाओं को धुएं में खाना बनाने के लिए विवश थी फेफड़े जैसी बीमारी से पीड़ित हो जाती थी इस योजना से उनके जीवन सकारात्मक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से गरीब परिवार के लोगों को बीमारी के समय 05 लाख रुपए तक का निःशुल्क इलाज की व्यवस्था कि गई है।


जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अवधेश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अन्तर्गत जनपद पंचायत कुसमी में 17 हजार 843 महिलाओं, जनपद पंचायत मझौली में 30 हजार 137, जनपद पंचायत रामपुर नैकिन में 45 हजार 45439, जनपद पंचायत सीधी में 56 हजार 25 तथा जनपद पंचायत सिहावल में 52 हजार 770 महिलाओं के खाते में 1250 रूपये के मान से राशि अंतरित की गई। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के साथ ही नगरीय क्षेत्र की महिलाओं को भी लाभांवित किया गया। इसमें नगर पालिक सीधी में 6 हजार 290, नगर परिषद चुरहट में 2 हजार 494, नगर परिषद मझौली में 2 हजार 149 तथा नगर परिषद रामपुर नैकिन में 2 हजार 193 महिलाओं के खाते में 1250 रूपये प्रत्येक महिला के मान से राशि अंतरित की गई।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, कलेक्टर साकेत मालवीय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत राहुल धोटे, जनपद सीईओ अशोक तिवारी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास प्रवेश मिश्रा, नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास डॉ. शेषनारायण मिश्र, पार्षद आनंद परियानी, पूनम सोनी, शुभा देवी कोल, बाबूलाल कुशवाहा गणमान्य नागरिकों तथा लाड़ली बहनों द्वारा सहभागिता की गई।

Share:

Leave a Comment