enewsmp.com
Home सीधी दर्पण मुख्यमंत्री ने 72 लाख किसानों को जारी की 1561 करोड़ किसान सम्मान निधि

मुख्यमंत्री ने 72 लाख किसानों को जारी की 1561 करोड़ किसान सम्मान निधि

सीधी(ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने सतना में आयोजित विशाल किसान सम्मेलन में कहा कि सतना जिले में और पूरे प्रदेश में जैसा विकास हमारी सरकार ने किया है। वैसा विकास किसी ने नहीं किया है। किसानों को सिंचाई तथा अन्य सुविधायें देकर खेती को लाभ का धंधा बनाया गया है। हमारे प्रदेश के किसान अन्न उत्पादन में कई प्रदेशों से आगे निकल गये हैं। देश के गेहूं निर्यात में 45 प्रतिशत हिस्सा मध्यप्रदेश के गेहूं का होता है, जो देश में सर्वाधिक है। हमने पिछले तीन साल में विभिन्न योजनाओं से किसानों को 2 लाख करोड़ रूपये प्रदान किये हैं। साथ ही किसानों को फसल बीमा के रूप में 20 हजार करोड़ रूपये की राशि प्राप्त हुई है। लगातार 7 वर्षों से मध्यप्रदेश को कृषि कर्मण राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हो रहा है। यह प्रदेश के किसानों की मेहनत और सरकार द्वारा दी जा रही किसान हितैषी नीतियों का फल है। मुख्यमंत्री ने सतना में भव्य वेंकटेश लोक का लोकार्पण भी किया।

मुख्यमंत्री ने वर्चुअली माध्यम से प्रदेश के 72 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना अंतर्गत किसान सम्मान निधि के रूप में 1561 करोड़ रूपये की राशि जारी की। इस योजना के माध्यम से सीधी जिले के एक लाख 07 हजार 041 किसान लाभान्वित हुए जिसमें तहसील बहरी के 11839, चुरहट के 10813, गोपद बनास के 18916, कुसमी के 8883, मझौली के 20306, रामपुर नैकिन के 21470 एवं सिहावल के 14814 किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना की राशि अंतरित की गई। साथ ही मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक से प्रदेश के 30 लाख किसानों को फसल बीमा योजना के 1058 करोड़ रूपये की दावा राशि अंतरित की। सीधी जिले के 10 हजार 963 कृषकों के 3 करोड़ 18 लाख रुपये के दावों के भुगतान किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर के मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना, स्वामित्व योजना तथा धारणाधिकार योजना से भूमिहीन 4 लाख 30 हजार से अधिक परिवारों को भू-अधिकार पत्र प्रदान किये। मुख्यमंत्री श्री चैहान ने किसान सम्मेलन में 1117 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा शिलान्यास भी किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैहर को जिला बनाने का आदेश पारित हो गया है। मैहर में मां शारदा का भव्य शारदा लोक बनाया जायेगा। पूरे प्रदेश में विकास के अभूतपूर्व कार्य किये जा रहे हैं। मैं कल प्रदेश भर के लगभग 50 हजार करोड़ रूपये की लागत के निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करूंगा। विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मैंने दौरी सागर बांध का शिलान्यास किया है जिसकी लागत 227 करोड़ रूपये है। चित्रकूट में भगवान कामतानाथ के परिक्रमा पथ के निर्माण कार्य का भी आज शिलान्यास किया गया है। चित्रकूट में वनवासी राम लोक का निर्माण कराया जायेगा। प्रदेश तेजी से विकास कर रहा है। मध्यप्रदेश में पहले 7.5 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा थी। हमने लगातार सिंचाई परियोजना का निर्माण करा के 47 लाख हेक्टेयर में सिंचाई की सुविधा दी है। इसे जल्दी ही 65 लाख हेक्टेयर किया जायेगा। अब बड़ी नहरों के स्थान पर पाइपलाइन के माध्यम से किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। पहले प्रदेश में 1 लाख टन अनाज पैदा होता था। अब किसान 7 लाख टन अनाज पैदा कर रहे हैं। पहले किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण मिलता था। हमारी सरकार ने इसे घटाते हुए अब जीरो प्रतिशत पर फसल ऋण दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति को आवासीय जमीन पाने का अधिकार है। प्रदेश के हर भूमिहीन परिवार को विभिन्न योजनाओं से आवासीय योजना के पट्टे दिये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ पाने से जो परिवार वंचित रहे गये हैं। उन्हें मुख्यमंत्री लाड़ली बहना आवास योजना से पक्के आवास दिये जायेंगे। शिक्षा के विकास के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को लैपटाप और स्कूटी दी जा रही है। जल जीवन मिशन की नल जल योजना से जल्दी ही हर घर में पीने के लिए मीठा और स्वच्छ पानी पहुंचेगा। हमारी सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए लगातार प्रयास किया है।

किसान सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कन्या पूजन करके बेटियों का सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने लाड़ली योजना की हितग्राहियों और किसानों पर पुष्पवर्षा करके उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में सीधी जिले के विभिन्न योजनाओं के हितग्राही कृषक सम्मिलित हुए।

Share:

Leave a Comment