enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ : साय मंत्रिमंडल का विस्तार, नौ मंत्रियों ने ली शपथ

छत्तीसगढ़ : साय मंत्रिमंडल का विस्तार, नौ मंत्रियों ने ली शपथ


रायपुर(ईन्यूज एमपी)-छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को विष्णु देव साय मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया और राजभवन में नौ विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही साय के मंत्रिमंडल सहयोगियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। छत्तीसगढ़ में साय मंत्रिमंडल के 12 सदस्यों में से पांच सदस्य ऐसे हैं जो पहली बार चुनकर आए हैं। इनमें उपमुख्यमंत्री अरूण साव और विजय शर्मा तथा मंत्री ओपी चौधरी, टंक राम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े शामिल हैं। राजवाड़े कैबिनेट में सबसे कम उम्र की और एकमात्र महिला मंत्री हैं। छत्तीसगढ़ में 90 सदस्यीय विधानसभा में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 13 सदस्य हो सकते हैं। मंत्रिमंडल में एक और पद बाद में भरा जाएगा। राजभवन में प्रदेश के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने भारतीय जनता पार्टी के नौ विधायकों बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, लखनलाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओ पी चौधरी, टंक राम वर्मा और लक्ष्मी राजवाड़े को मंत्री पद की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री साय ने बृहस्पतिवार को अपने मंत्रिमंडल के विस्तार की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि जल्द ही नए मंत्रियों को विभागों का आवंटन कर दिया जाएगा।

Share:

Leave a Comment