enewsmp.com
Home कालचक्र भगवान बुद्ध ने दुनिया को शाश्वत शांति का मार्ग दिखाया

भगवान बुद्ध ने दुनिया को शाश्वत शांति का मार्ग दिखाया

भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भगवान बुद्ध का प्रेम, करुणा और आत्मीयता का संदेश दुनिया को सही राह दिखा सकता है। उनके बताये मार्ग पर चलकर शांति और संतोष प्राप्त किया जा सकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज यहाँ तुलसी नगर स्थित करुणा बौद्ध विहार में तथागत भगवान गौतम बुद्ध की पवित्र अस्थियों के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। श्रीलंका से तथागत बुद्ध की अस्थि कलश यात्रा आज भोपाल पहुँची है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध ने दुनिया को शाश्वत शांति का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षा से दुनिया की हर समस्या का हल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षा के प्रसार के लिए मध्यप्रदेश में साँची बौद्ध विश्वविद्यालय की स्थापना राज्य सरकार द्वारा की गई है, जिसमें बौद्ध-दर्शन और संस्कृति की शिक्षा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहेब अम्बेडकर की जन्म-स्थली महू में बाबा साहब का भव्य स्मारक बनाया जा रहा है। उन्होंने बाबा अम्बेडकर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने संविधान में समानता का अधिकार दिया है। इससे सबसे नीचे का व्यक्ति भी शिखर तक पहुँच सकता है। उन्होंने अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए दी जा रही सहूलियतों की जानकारी भी दी। पूर्व में उन्होंने पवित्र अस्थियों पर पुष्प अर्पित किये।

इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमाशंकर गुप्ता ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध की पवित्र अस्थियों के दर्शन पाना सौभाग्य है। सांसद श्री रामदास आठवले ने डॉ. अम्बेडकर की जन्म-स्थली महू में राज्य सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में भंतेगण, बड़ी संख्या में बौद्ध श्रद्धालु उपस्थित थे।

Share:

Leave a Comment