enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश कमलनाथ ने फिर भाजपा को घेरा:कहा- भारत अब महान नहीं, बल्कि बदनाम....

कमलनाथ ने फिर भाजपा को घेरा:कहा- भारत अब महान नहीं, बल्कि बदनाम....

सतना(ईन्यूज एमपी)जिले के मैहर दौरे पर शुक्रवार को आए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व मध्यप्रदेश के पूर्व CM कमलनाथ ने कोरोना से हुई मौतों पर एक बार फिर शिवराज सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डेढ़ लाख लाशें शमशान पहुंची हैं। इनमें से 80 % शवों का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल से किया गया है। जनता को दिखाई देने वाले सरकारी आंकड़े झूठे हैं। उन्होंने कहा- प्रदेश में इन दिनों कोविड माफिया चल रहा है।अस्पतालों में बेड से लेकर दवाओं में कई गुना पैसे वसूले जा रहे हैं।

उन्होंने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा- मोदी जी ने भारत को बदनाम कर दिया है, इसलिए भारतीयों पर विश्व ने आने-जाने पर रोक लगा दी गई है। विदेशों में भारतीयों की ऐसी ​छवि बन गई है कि टैक्सी में कोई बैठने को तैयार नहीं है।

बता दें, पूर्व मुख्यमंत्री ​कमलनाथ शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पहले से निर्धारित कार्यक्रम अनुसार मैहर पहुंचे। इसके पहले वे विशेष विमान से दिल्ली से चलकर खजुराहो आए। यहां से मैहर पहुंचे। हेलीपैड में कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद सीधे मैहर मंदिर की डेउढ़ी पर पहुंचे। क्योंकि कोरोना प्रोटोकाॅल के कारण मैहर मंदिर बंद था। उन्होंने नीचे गेट पर ही पुरोहितों की मौजूदगी में पूजा अर्चना की।

इसके बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने बाबा अलाउददीन खां मैहर कला अकादमी के सदस्य व नलतरंग वादक प्रभूदयाल द्विवेदी के ​निधन पर घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी रहे मनीष चतुर्वेदी के घर पहुंचकर शोक शोक जताया। वे करीब 1 बजे जबलपुर रवाना हो गए।

कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पूर्व CM कमलनाथ का धार्मिक दौरा था, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसको लेकर तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इस दौरे को विंध्य के कोरोना के हालातों से जोड़कर देख रहे हैँ। वहीं, कुछ लोग बेकाबू कोरोना से मौत के कारणों की बाजीगरी को बेनकाब करना बता रहे। हालांकि ये दौरा रैगांव उप चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

राजनीतिक जानकारों का कहना है कि दमोह उप चुनाव में मिली सफलता के बाद प्रदेश कांग्रेस गुटबाजी खत्म कर आने वाला चुनाव लड़ना चाहती है। ऐसे में रैगांव ​विधानसभा से भाजपा के पांच बार के विधायक व पूर्व मंत्री जुगल किशोर के निधन से रिक्त हुई सीट पर उप चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। कयास लगाए जा रहे ​हैं​ कि मैहर में मां शारदा से आ​शीर्वाद लेने के बाद कमलनाथ ने रैगांव उप चुनाव का तापमान नाप कर जबलपुर चले गए हैं।

आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के दौरे के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता न सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया और न ही कई लोग मास्क लगाए नजर आए। वहीं पूजा अर्चना करते समय किसी भी जनप्रतिनिधि का मास्क नहीं नजर आया। हालांकि काफिला निकले समय ज्यादातर नेता एक दूसरे से चिपके नजर आए। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त इंसीडेन्ट कमांडर भी बेबस नजर आए।

Share:

Leave a Comment