enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश आज एक दिन की हड़ताल पर रहेगे परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी.....

आज एक दिन की हड़ताल पर रहेगे परिवहन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी.....

जबलपुर(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ मध्यप्रदेश परिवहन विभागीय समिति के साथ मध्यप्रदेश परिवहन राजपित्रत अधिकारी संगठन ने कुछ मांगों को लेकर 29 जुलाई को एक दिन की हड़ताल करने का निर्णय लिया है। इसमें शासन ने संगठन की मांग को पूरा नहीं किया, तो एक माह के बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया जाएगा।

संगठन के सदस्यों ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग मध्यप्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों के संयुक्त संगठनों ने यह निर्णय लिया कि कई सालों से वह लगातार अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन परिवहन आयुक्त और शासन स्तर पर दे रहे हैं। जो मांग की जा रही है वह जायज है, शासन ने आश्वासन दिया, लेकिन एक भी मांग अब तक पूरी नहीं हुई है।

संगठन ने यह की है मांग : न्यायाधीश संरक्षण अधिनियम 1985 के तहत संरक्षण प्रदान करने। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के वेतन विसंगति को समय सीमा में दूर किया जाए। वर्ष पश्चात परिवहन विभाग के अधिकारियों को स्वत: प्रवर श्रेणी वेतनमान का लाभ दिया जाए। परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की पदोन्नती संबंधी मांग। परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के मंहगाई भत्ते। परिवहन उप निरीक्षक के पदों पर विभागीय परीक्षा का आयोजन। परिवहन विभाग के लिपिक वर्गों की वर्दी प्रदाय करने। विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के पदनाम परिवर्तन संबंधी मांग की गई है। हड़ताल अध्यक्ष परिवहन राजपित्रत अधिकारी जितेन्द्र सिंह रघुवंशी, प्रांतीय अध्यक्ष परिवहन विभाग श्याम यादव, तृतीय कर्मचारी संघ और राज्य कर्मचारी संयुक्त मध्यप्रदेश के आव्हन पर की जा रही है।


सभी कार्यालय रहेंगे बंद :

जबलपुर मध्यप्रदेश अधिकारी, कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संरक्षक योगेन्द्र दुबे और जिला अध्यक्ष अटल उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र सिंह के आव्हन पर 16 प्रतिशत महंगाई भत्ता, आवास भत्ता, केसलेस इलाज की सुविधा, शहरी भत्ता के साथ 15 सूत्रीय मांगों को लेकर आज जिले के अधिकारी कर्मचारी एक दिवसीय अवकाश पर रहेंगे। इसमें अजाक्स के अजय सोनकर मध्यप्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के अरर्वेद्र राजपूत, मप्र राज्य कर्मचारी संघ के राजेन्द्र त्रिपाठी, पिछड़ा वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के संजय यादव और अन्य ने कर्मचारियों से एक दिन के सामूहिक अवकाश में रहने की अपील की है।

एक दिवसीय सामूहिक हड़ताल : अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के आंदोलन के तीसरे चरण में जबलपुर जिला तहसील के लिपिक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा जबलपुर के मुकेश चतुर्वेदी, यूएस करोसिया, प्रवीण सोनी, एसएन शर्मा, प्रदीप पटेल, महेश जाटव और अन्य ने लिपिक साथियों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।

Share:

Leave a Comment