enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश 50-20 के फार्मूले से खतरे में आई नौकरी, आयुक्त ने सात दिन में मांगी जानकारी.......

50-20 के फार्मूले से खतरे में आई नौकरी, आयुक्त ने सात दिन में मांगी जानकारी.......

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- 50-20 के फार्मूले (50 साल आयु एवं 20 साल की नौकरी) से नगरीय निकायों में पदस्थ उन अधिकारियों-कर्मचारियों की नौकरी खतरे में आ गई है, जो आयु और नौकरी की सीमा पूरी कर चुके हैं और जिनकी गोपनीय चरित्रावली (सीआर) खराब है।

संभागीय संयुक्त संचालकों से सात दिन में मांगी जानकारी

ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों की जानकारी नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त निकुंज श्रीवास्तव ने संभागीय संयुक्त संचालकों से सात दिन में मांगी है। निकायों में पदस्थ 90 से अधिक अधिकारी इस दायरे में आ गए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि वह 50-20 के फार्मूले पर अपने सभी स्तर के अधिकारियों व कर्मचारियों की समीक्षा करें और जो मापदंडों पर खरे नहीं उतर रहे हैं, उनकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई करें।

दो दिन पहले निर्देश जारी किए

नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने इस संबंध में दो दिन पहले निर्देश जारी किए हैं। आयुक्त ने संभागीय संयुक्त संचालकों से कहा है कि जिन अधिकारियों या कर्मचारियों की आयु 50 साल और नौकरी 20 साल हो गई है। उनके सीआर, कार्यक्षमता, कार्य के प्रति ईमानदारी, शारीरिक क्षमता देखें और उनका मूल्यांकन कर ऐसे कर्मचारियों की जानकारी भेजें। इस जानकारी का राज्य स्तर पर परीक्षण किया जाएगा और जो उस दायरे में आते हैं, उनके प्रकरण छानबीन समिति के सामने रखे जाएंगे। जिनमें समिति अंतिम निर्णय लेगी।

Share:

Leave a Comment