enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को नसीहत,​​​​​​​फील्ड में अपनी स्थिति ठीक करें,सीएम ने विकास यात्रा की ली रिपोर्ट...

कैबिनेट बैठक में मंत्रियों को नसीहत,​​​​​​​फील्ड में अपनी स्थिति ठीक करें,सीएम ने विकास यात्रा की ली रिपोर्ट...

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंत्रियों को वर्किंग स्टाइल में सुधार करने की हिदायत दी है। सीएम ने कहा है कि वे फील्ड पर जाकर अपनी स्थिति को ठीक करें। जनता और कार्यकर्ताओं से कोई कम्युनिकेशन गैप ना हो। जल्द ही दोबारा समीक्षा की जाएगी।

दरअसल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को सभी मंत्रियों के साथ सीएम हाउस में बैठक की। इस दौरान सीएम ने प्रदेशभर में चल रही विकास यात्रा की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि विकास यात्रा के दौरान जनता की ओर से बताई गई समस्याओं को चिन्हित करें, उनमें सुधार भी करें। परफॉर्मेंस ठीक न होने पर बदलाव भी किए जाएंगे।

गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बैठक के बाद मीडिया से चर्चा में बताया- विकास यात्रा को लेकर समीक्षात्मक बैठक हुई। मंत्रियों ने गृह जिले और प्रभार के जिलों की जानकारी दी। इन यात्राओं में विधायक, सांसद, मंत्री जिस तरह से जनता को लाभ दे रहे हैं, उससे सकारात्मक वातावरण बना है। 58 हजार करोड़ रुपए की राशि जलजीवन मिशन में मिली है। इस राशि से हर घर को नल का जल मिलेगा।

काम में कसावट के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि विकास यात्रा उसी दृष्टि से चल रही है। सभी जगहों से विकास यात्रा में अच्छी खबरें आ रही हैं। मंत्रियों को परफॉर्मेंस सुधारने के सवाल पर नरोत्तम मिश्रा ने कहा- ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई।

मध्यप्रदेश में लंबे समय से शिवराज कैबिनेट का विस्तार टलता जा रहा है। कैबिनेट में अभी भी चार मंत्रियों की जगह खाली है। ऐसे में माना जा रहा है कि कैबिनेट में कभी भी बदलाव हो सकता है। मौजूदा कैबिनेट में 30 मंत्री हैं। इनमें 7 राज्यमंत्री और 23 कैबिनेट मंत्री हैं। शिवराज कैबिनेट में सिंधिया समर्थक 10 मंत्री हैं। इनमें से भी कुछ मंत्रियों की छुट्‌टी हो सकती है। सूत्रों की मानें, तो मौजूदा मंत्रियों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट और विकास यात्रा के फीडबैक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक दीपक विस्पुते के पास भेजी गई है।

सीएम के साथ आम लोग भी जन्मदिन, पुण्यतिथि के मौके पर पौधारोपण करते हैं।
सीएम के साथ आम लोग भी जन्मदिन, पुण्यतिथि के मौके पर पौधारोपण करते हैं।
दो साल में सीएम ने रोपे 2,140 पौधे

इससे पहले रोजाना पेड़ लगाने के सीएम शिवराज के संकल्प के दो साल पूरे होने पर उन्होंने मंत्रियों के साथ पौधारोपण किया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने 19 फरवरी 2019 को अमरकंटक से डेली प्लांटेशन मिशन शुरू किया था। इन दो सालों में सीएम ने 2,140 पौधे रोपे हैं। दो साल पूरे होने पर रविवार को सीएम ने रामवन में मंत्रियों के साथ सामूहिक पौधारोपण किया। यहां मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों के साथ 730 पौधे लगाए।

इस मौके पर सीएम ने कहा कि दिमाग में आया कि हम भाषण देते रहें कि पेड़ लगाओ-पेड़ लगाओ। फिर लगा कि हमें आचरण से सिखाना चाहिए। मुझे आपको पेड़ लगाने की बात कहने का अधिकार तभी है, जब मैं खुद पेड़ लगाऊं। इसी के बाद इस अभियान की शुरुआत हो गई।

30 मई 2022 को एयरपोर्ट के पास रामवन की शुरुआत हुई थी। जैव विविधता से परिपूर्ण घना जंगल तैयार हो रहा है। रामवन में 120 प्रजातियों के 1 लाख 40 हजार पौधे लगाए जा रहे हैं। रामवन के 16 एकड़ के परिसर में सात तालाब हैं। यह मध्यप्रदेश का पहला मानव निर्मित वन है।

नहाने-धाेने के लिए समय निकालते हैं, तो पौधरोपण के लिए क्यों नहीं
सीएम ने कहा- कई बार हम समय और व्यस्तता की बात कहते हैं। नहाने, खाने, सोने के लिए तो समय निकालते ही हैं, लेकिन सोचिए कि हमें ऑक्सीजन न मिले, तो हम जिंदा रह सकते हैं क्या? जैसे- भोजन करके हम शरीर की आवश्यकता की पूर्ति करते हैं। वैसे ही पेड़ लगाकर ऑक्सीजन की पूर्ति कर सकते हैं। दो साल में एक भी दिन ऐसा नहीं हुआ, जिस दिन मैंने पौधा न लगाया हो। जब कोविड आया, तब भी सीएम हाउस में पौधरोपण किया। कर्मचारी गड्‌ढा करके उसके पास पाैधा रखकर चले जाते। संक्रमित होने के बावजूद मैंने पौधा लगाया।

सांची देश की पहली सोलर सिटी बनेगी
सीएम ने कहा- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प नेट जीरो का टारगेट 2070 तक हासिल करना है। उसमें पौधों की भूमिका महत्वपूर्ण है। 3 मई को सांची देश की पहली सोलर सिटी बनेगी। मैंने 12 राज्यों में पेड़ लगाए। राष्ट्रपति से लेकर धर्मगुरुओं, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में जहां पेड़ लगाए, वहां ग्लोबल गार्डन बन गया। कूनो में जब चीता छोड़ने आए, तो प्रधानमंत्री ने पौधरोपण किया।

Share:

Leave a Comment