enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश नदी पार कर रहे लोगों पर मगरमच्छ का हमला,8 बहे,3 शव मिले, 5 लापता.......

नदी पार कर रहे लोगों पर मगरमच्छ का हमला,8 बहे,3 शव मिले, 5 लापता.......

मुरैना (ईन्यूज एमपी)-मध्यप्रदेश से कैला देवी के दर्शन करने राजस्थान जा रहे 8 श्रद्धालु चंबल नदी में बह गए। रेस्क्यू टीम को अब तक 3 शव मिले हैं। 5 लोग लापता हैं। गोताखोर उनकी तलाश कर रहे हैं। घटना मुरैना, श्योपुर और राजस्थान के बॉर्डर के बीच हुई। श्रद्धालुओं के जत्थे में 17 लोग थे। 9 लोग सुरक्षित हैं। सभी शिवपुरी जिले के तेंदुआ थानाक्षेत्र के चिलावद गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

श्योपुर जिले के बीरपुर और मुरैना जिले के टेंटरा थाने से पुलिस मौके पर है। टेंटरा थाना प्रभारी धर्मेंद्र मालवीय ने बताया कि सभी श्रद्धालु एक-दूसरे का हाथ पकड़कर नदी पार कर रहे थे। जिस जगह हादसा हुआ है, वहां कोई पुल या नाव की व्यवस्था नहीं है।​​​​​ सबलगढ़ SDOP गुरुबचन सिंह ने बताया कि अभी रेस्क्यू अभियान चल रहा है।

बीरपुर थाना प्रभारी हिमांशु भार्गव का कहना है मगरमच्छ के हमला करते ही श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। बचने की जद्दोजहद में श्रद्धालु बह गए। स्थानीय गोताखोर बोट के जरिए लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच रही है। राजस्थान का पुलिस-प्रशासन भी मौके पर है।


प्रत्यक्षदर्शी राडी गांव निवासी कुटन रावत ने बताया कि नदी में जहां पानी कम था, वहां से सभी पार कर रहे थे। इतने में मगरमच्छ ने हमला कर दिया। इससे लोगों में भगदड़ मच गई। कुछ लोग गहरे पानी में चले गए। ​​​​​​हालांकि, शुरुआत में यह जानकारी आई थी कि नाव पलटने से हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि शवों पर दांत के निशान भी मिले हैं।

हादसे में धनीराम कुशवाहा (30), जानकी लाल कुशवाह और चेंऊं कुशवाह बच गए हैं। चेऊं कुशवाह ने बताया कि हम 17 लोग कैलादेवी जा रहे थे। चंबल नदी पार करते समय पानी के तेज बहाव में लोग गहरे पानी में चले गए। इसमें 10 लोग बच गए हैं। कुछ के शव मिल गए हैं। पांच लोगों को पानी में तलाश कर रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुबह करीब सात बजे हुए हादसे के करीब आधे घंटे बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। दोपहर दो बजे तक दो पुरुष व एक महिला का शव निकाला जा चुका है। इनमें से एक व्यक्ति की पहचान नहीं हुई है। मृतकों की पहचान देवकीनंदन (50) और महिला कल्लो के तौर पर हुई है। वहीं, रुक्मणी (24) पत्नी दीपक, लवकुश (12) पुत्र थानसिंह, ब्रजमोहन (17) पुत्र पप्पू, अलोपा बाई (45) पत्नी देवकीनंदन और रश्मि (19) पत्नी सुनील लापता हैं। दोपहर करीब चार बजे मुरैना कलेक्टर अंकित अस्थाना, एएसपी रायसिंह नरवरिया, सबलगढ़ एसडीएम मेघा तिवारी, एसडीओपी गुरुबचन सिंह सहित थाना प्रभारी धर्मेंद्र मालवीय व अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने रेस्क्यू का जायजा लेकर पीड़ितों से चर्चा की।

ये लोग डूबे नदी में

1. देवकीनंदन पुत्र हीरा कुशवाह 60 साल 2. धनीराम पुत्र हीरा कुशवाह 30 साल 3. रुकमणी पत्नी दीपक कुशवाह 4. लवकुश पुत्र धाम सिंह कुशवाह 5. कल्लो पत्नी श्याम कुशवाह 6. ब्रजमोहन पुत्र पप्पू कुशवाह 7. रश्मि पत्नी सुनील कुशवाह

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से रेस्क्यू की मॉनिटरिंग की जा रही है।

Share:

Leave a Comment