enewsmp.com
Home मनोरंजन मध्यप्रदेश शासन द्वारा रंगकर्म के क्षेत्र में रामगोपाल बजाज को वर्ष 2017 का कालिदास सम्मान

मध्यप्रदेश शासन द्वारा रंगकर्म के क्षेत्र में रामगोपाल बजाज को वर्ष 2017 का कालिदास सम्मान

भोपाल(ईन्यूज़ एमपी)- मध्यप्रदेश शासन द्वारा रंगकर्म के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय कालिदास सम्मान से विख्यात रंगकर्मी रामगोपाल बजाज को वर्ष 2017 के लिये विभूषित किया जायेगा। सम्मान में 2 लाख रूपये की राशि एवं सम्मान पट्टिका से नवाजा जायेगा। यह सम्मान रंगमंच के विभिन्न आयामों में उत्कृष्टता, दीर्घ साधना एवं सतत सृजन के लिए प्रदान किया जाता है।

सम्मान की चयन समिति की नई दिल्ली में हुई बैठक में वरिष्ठ रंगकर्मी सर्वश्री मोहन महर्षि, विमल लाठ, जयदेव तनेजा, संजय उपाध्याय एवं लोकेन्द्र त्रिवेदी शामिल थे।

रामगोपाल बजाज:- बजाज राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निर्देशक रहे हैं। एनएसडी की भारत रंग महोत्सव जैसी प्रतिष्ठित वार्षिकी रंग-गतिविधि के प्रस्तावक और उसको उत्कर्ष पर ले जाने में उनकी अहम भूमिका रही है। उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण कृतियों पर रंग-प्रयोग किए हैं। इनमें 'सूर्य की अन्तिम किरण से सूर्य की पहली किरण तक, स्कन्दगुप्त, कैद ए हयात, आषाढ़ का एक दिन', आदि शामिल हैं। श्री बजाज ने गिरीश कर्नाड के नाटक 'रक्त कल्याण' का भी हिन्दी में अनुवाद किया है। उन्होंने अपनी दीर्घ रंगकर्म साधना के दौरान अनेक प्रस्तुतियों में महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभायी हैं। श्री बजाज प्रभावी अभिनेता भी हैं जो समय-समय पर अनेक फिल्मों और धारावाहिकों में विशिष्ट किरदारों में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं।

श्री बजाज को यह सम्मान 31 अक्टूबर को उज्जैन में अखिल भारतीय कालिदास समारोह में प्रदान किया जायेगा।

Share:

Leave a Comment