enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश सतना नगर निगम आयुक्त राजेश शाही का तबादला,अपर कलेक्टर बना कर भेजे गए सीधी...

सतना नगर निगम आयुक्त राजेश शाही का तबादला,अपर कलेक्टर बना कर भेजे गए सीधी...

सतना (ईन्यूज एमपी)-सतना नगर पालिक निगम के आयुक्त राजेश शाही का तबादला हो गया है। उन्हें सीधी भेजा गया है जबकि उनके स्थान पर इंदौर नगर निगम से अभिषेक गहलोत की सतना नगर निगम में पदस्थापना की गई है।

मध्य प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग से शुक्रवार को राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की एक और तबादला सूची जारी कर दी। नई सूची के अनुसार नगर पालिक निगम सतना के आयुक्त एवं सतना स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के सीईओ राजेश शाही का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अब अपर कलेक्टर सीधी पदस्थ किया गया है। राज्य प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी शाही 2021 में सतना में बतौर डिप्टी कलेक्टर भेजे गए थे।

एसडीएम रघुराजनगर रहते हुए ही उनकी पदोन्नति अपर कलेक्टर सतना के पद पर हुई थी। एसडीएम एवं एडीएम सतना के बाद उन्हें 17 मई 2022 को सतना नगर निगम आयुक्त बनाया गया था। उन्हें यह जिम्मेदारी उस वक्त कमिश्नर नगर निगम रहीं आईएएस अधिकारी तन्वी हुड्डा के अपर आयुक्त वाणिज्यिक कर के तौर पर इंदौर तबादले के बाद सौंपी गई थी।

तब लगभग 5 वर्ष बाद सतना नगर निगम की कमान आईएएस कमिश्नरों की बजाय राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी को वापस दी गई थी। शाही ने पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव के दौरान निगमायुक्त एवं अपर कलेक्टर की दोहरी जिम्मेदारी भी निभाई।

अब राजेश शाही के स्थान पर सतना नगर निगम के आयुक्त का दायित्व नगर निगम इंदौर में अपर आयुक्त अभिषेक गहलोत को सौंपी गई है। गहलोत 2012 बैच के राप्रसे अधिकारी हैं। राज्य शासन ने 20 जुलाई को गहलोत का तबादला जिला भू प्रबंधन अधिकारी के तौर पर देवास के लिए किया था। इस आदेश को संशोधित कर अब उन्हें सतना भेजा गया है। बताया जाता है कि इंदौर में उन्हें महापौर पुष्यमित्र भार्गव की नाराजगी भारी पड़ी है।

Share:

Leave a Comment