enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश मऊगंज जिले में पदस्थ दुष्कर्म के आरोपित TI निलंबित, सिहोरा थाने में दर्ज है FIR.....

मऊगंज जिले में पदस्थ दुष्कर्म के आरोपित TI निलंबित, सिहोरा थाने में दर्ज है FIR.....

जबलपुर( ईन्यूज एमपी)-दहेज प्रताड़ना का शिकार महिला के यौन शोषण के आरोपों से घिरे पुलिस निरीक्षक गिरीश धुर्वे को निलंबित कर दिया गया है। रविवार को मऊगंज पुलिस अधीक्षक कार्यालय से निलंबन आदेश जारी किए गए। गिरीश धुर्वे पर सिहोरा थाने में दुष्कर्म की एफआइआर दर्ज की गई है। पीड़ित महिला को धमकाने के आरोप में पुलिस ने उनके बेटे के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया है। निलंबन के बाद गिरफ्तारी के भय से आरोपित निरीक्षक सिक डालकर ड्यूटी से गायब हो गए हैं। सिहोरा पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

सिहोरा पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने निरीक्षक धुर्वे व उनके बेटे के खिलाफ शिकायत की थी। जून 2021 में 30 वर्षीय महिला सिहोरा थाना में दहेज प्रताड़ना की एफआइआर दर्ज कराने गई थी। गिरीश धुर्वे सिहोरा थाना प्रभारी थे। महिला व उसके स्वजन के बयान थाने में दर्ज करने के बाद निरीक्षक धुर्वे ने कार्रवाई घर पहुंचकर करने की बात कही थी। जिसके बाद धुर्वे का महिला के घर आना जाना शुरू हो गया। इस बीच घर में अकेला पाकर धुर्वे ने महिला के साथ बलपूर्वक शारीरिक संबंध बनाए तथा स्वयं को अविवाहित बताया।

आरोप है कि 25 नवंबर 2021 को धुर्वे ने एक मंदिर में महिला से विवाह रचाया। उसे किराए के घर में पत्नी बनाकर रखा। शासकीय आवास में भी उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। कुछ समय बाद महिला को पता चला कि निरीक्षक धुर्वे विवाहित हैं तो उसने विरोध किया। धुर्वे ने सर्विस रिवाल्वर अड़ाकर उसे धमकी दी और स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराया। धुर्वे के बेटे ने भी उनकी सर्विस रिवाल्वर अड़ाकर महिला को धमकी दी थी। सिहोरा थाना प्रभारी विपिन बिहारी सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के बयान कोर्ट में दर्ज कराए जाएंगे।

Share:

Leave a Comment