enewsmp.com
Home बिज़नेस कच्चे तेल की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट, 32 डॉलर तक गिर सकती है कीमत

कच्चे तेल की कीमतों में ऐतिहासिक गिरावट, 32 डॉलर तक गिर सकती है कीमत

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में लगातार कमी हो रही है। अमेरिका में कच्चे तेल का स्टॉक और सऊदी अरब से आयात बढ़ने से कीमतें साढ़े 6 साल के निचले स्तर पर आ गई है। बुधवार को कच्चे तेल की कीमतों में 4 फीसद से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। वहीं गिरावट का सिलसिला आज भी जारी है। नायमैक्स पर डब्ल्यूटीआई कच्चे तेल 41 डॉलर प्रति बैरल और ब्रेंट कच्चे तेल 47 डॉलर प्रति बैरल के नीचे है। सिटीग्रुप के मुताबिक डब्ल्यूटीआई कच्चे तेल की कीमतें 32 डॉलर प्रति बैरल तक फिसल सकती है।

नायमैक्स पर डब्ल्यूटीआई कच्चे तेल 0.75 फीसद की गिरावट के साथ 40.96 डॉलर प्रति बैरल पर है। वहीं ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत 0.65 फीसद गिरकर 46.87 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई गिरावट का असर घरेलू बाजार पर भी दिख रहा है। एमसीएक्स पर कच्चे तेल 0.55 फीसद की कमजोरी के साथ 2700 रुपये प्रति बैरल से भी नीचे आ गया है।

अमेरिकी बैंक सिटीग्रुप ने कहा कि जून से अब तक कच्चे तेल की कीमतों में 30 फीसद से ज्यादा की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। इसके बावजूद बड़े कच्चे तेल उत्पादक देश उत्पादन में कटौती नहीं कर रहे हैं। इसलिए ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की ओवर सप्लाई है। बैंक के मुताबिक डब्ल्यूटीआई कच्चे तेल की कीमतें 32 डॉलर प्रति बैरल तक फिसल सकती है।

Share:

Leave a Comment