enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश अफ्रीकन स्वाइन फीवर का प्रकोप,रीवा शहर में 12 दिन के भीतर 1813 मौते, कलेक्टर ने कहा संक्रमण रोकने तत्काल करे उपाय.....

अफ्रीकन स्वाइन फीवर का प्रकोप,रीवा शहर में 12 दिन के भीतर 1813 मौते, कलेक्टर ने कहा संक्रमण रोकने तत्काल करे उपाय.....

रीवा(ईन्यूजएमपी)-देश-प्रदेश सहित रीवा जिले में अफ्रीकन स्वाइन फीवर का प्रकोप फैला हुआ है। सूत्रों की मानें तो 12 दिन के भीतर शहर में 1813 सूअरों की मौत हो चुकी है। महामारी को लेकर रविवार को कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में बैठक आयोजित की गई।


बैठक में कलेक्टर मनोज पुष्प ने कहा कि जिले में अफ्रीकन स्वाइन फीवर का सूअरों में संक्रमण रोकने के लिए तत्काल उपाय करें। इस वायरस का संक्रमण मानव में नहीं होता है। अन्य पशुओं में भी इसका संक्रमण नहीं हुआ है। जिन क्षेत्रों में सूअर पालन होता है।

वहां तत्काल सर्वे शुरू करके दो दिवस में संक्रमित सूकरों की पहचान करें। नगरीय निकाय और पशुपालन विभाग की टीम सर्वे शुरू करें। अफ्रीकन स्वाइन फीवर का प्रकोप होने पर इसका उपचार नहीं है। संक्रमित सूअरों को अन्य सूअरों से अलग कर उन्हें वैज्ञानिक विधि से मारना होगा।

सूअर पालकों के साथ बैठक करके इस बात की समझाइश दें कि यदि संक्रमित सूअरों को मारा नहीं गया तो शेष बचे सूकरों में भी इसका प्रकोप होगा। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि सूअरों में स्वाइन फीवर का संक्रमण रोकने के लिए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं।

सूअरों की खरीद, बिक्री, मांस खाने और एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया। जिले के प्रमुख मार्गों में जांच नाके लगाकर सूकरों का जिले में प्रवेश प्रतिबंधित करें। बीमारी का प्रकोप अभी केवल पालतू सूअरों में हुआ है।

वन विभाग के अधिकारी जंगली सूअरों के नमूने लेकर उनकी जांच कराएं। नगर निगम के अधिकारी मृत सूअरों के सुरक्षित नष्ट करने के संबंध में तत्काल प्रबंध करें। बैठक में SP नवनीत भसीन ने कहा कि नगर निगम और पशुपालन विभाग के अधिकारी पालकों के साथ बैठक कर उन्हें अफ्रीकन स्वाइन फीवर के संक्रमण के संबंध में जानकारी देने का सुझाव दिया।

बैठक में उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश मिश्रा ने बताया कि अफ्रीकन स्वाइन फीवर का प्रकोप केवल सूअरों में हुआ है। रीवा शहर में 25 हजार सूअर हैं। बीमारी का प्रकोप रतहरा में वार्ड क्रमांक 15 की बंसल बस्ती में सर्वाधिक हुआ है। इसे रेड जोन बनाकर बस्ती के एक किलोमीटर के दायरे में सभी सूअरों की जांच की जा रही है। स्वस्थ सूअरों को रोग से बचाव के लिए वैक्सीन के टीके लगाए जा रहे हैं।

सूकर अफ्रीकन स्वाइन फीवर से संक्रमित हो गए हैं। उनमें तेज बुखार, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ के लक्षण दिखाई देते हैं। इन सभी सूअरों को अन्य सूकरों से अलग कर वैज्ञानिक विधि से इंजेक्शन द्वारा मारा जाएगा। सूअर पालक इस कार्य में सहयोग करें। यदि संक्रमित सूअरों को नष्ट नहीं किया गया तो सभी सूअर इसके शिकार हो जाएंगे।

बैठक में पालकों को रोजगार के अन्य वैकल्पिक साधन देने का सुझाव दिया गया। इस दौरान अपर कलेक्टर शैलेन्द्र सिंह, अधीक्षण यंत्री नगर निगम शैलेन्द्र शुक्ला, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर संजीव पाण्डेय, एसडीओ वन ऋषि मिश्रा, यातायात प्रभारी दिलीप तिवारी और पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

रीवा नगर निगम क्षेत्र में सूअरों की खरीद, बिक्री, परिवहन, मांस की बिक्री एवं उपयोग पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध के आदेश दिए हैं। यह आदेश प्रिवेंशन एण्ड कंट्रोल ऑफ इन्फेक्शियस एण्ड कंटेजियस एनीमल डिसीज एक्ट 2009 के तहत जारी किया है। आदेश के अनुसार रीवा नगर निगम क्षेत्र में सूअरों में अफ्रीकन स्वाइन फीवर रोग की पुष्टि राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान भोपाल द्वारा की गई है।

Share:

Leave a Comment