enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश बड़ी खबर: CM डॉ. मोहन यादव के ससुर का 98 वर्ष की उम्र में निधन, राजनीतिक और संघ परिवार में शोक की लहर

बड़ी खबर: CM डॉ. मोहन यादव के ससुर का 98 वर्ष की उम्र में निधन, राजनीतिक और संघ परिवार में शोक की लहर

रीवा (ईन्यूज़ एमपी): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर और आरएसएस विचारधारा से जुड़े वरिष्ठ शिक्षाविद् ब्रह्मादीन यादव का मंगलवार को 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे सुल्तानपुर के विवेकानंद नगर स्थित अपने निवास पर थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार को उनका अंतिम संस्कार रीवा में किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद पार्थिव देह के अंतिम संस्कार में सम्मिलित होंगे।

27 जून को उन्हें सांस और पेट संबंधी गंभीर शिकायतों के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य में सुधार के बाद 30 जून को उन्हें घर लाया गया, लेकिन मंगलवार शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन जब तक उन्हें दोबारा अस्पताल ले जा पाते, तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

ब्रह्मादीन यादव संघ के कट्टर स्वयंसेवक और विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता रहे। शुरुआती दौर में कई आंदोलनों में भाग लिया और पुलिस गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने नाम तक बदल दिया था — ब्रह्मानंद से ब्रह्मादीन। गिरफ्तारी से बचते-बचाते वे मुंबई चले गए, फिर वहीं से पढ़ाई पूरी कर वापस लौटे और मध्यप्रदेश के रीवा जिले में शिक्षक पद पर नियुक्त हुए। 1987 में प्राचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए।

ब्रह्मादीन यादव के तीन पुत्रों में एक वायुसेना में सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि अन्य शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनकी इकलौती पुत्री सीमा यादव की शादी वर्ष 1994 में तत्कालीन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हुई थी।

मुख्यमंत्री के ससुर के निधन की खबर से भाजपा और संघ परिवार में शोक की लहर फैल गई है। मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि “यह खबर अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

ब्रह्मादीन यादव का पार्थिव शरीर बीते मंगलवार को रीवा लाया गया, जहां आज परंपराओं के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। आज मुख्यमंत्री स्वयं रीवा पहुंचेंगे और परिजनों के साथ शोक संतप्त वातावरण में अंतिम दर्शन करेंगे।

Share:

Leave a Comment