enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल में G-20 के तहत थिंक-20 की बैठकें शुरू,सीएम शिवराज ने किया उद्धाटन....

भोपाल में G-20 के तहत थिंक-20 की बैठकें शुरू,सीएम शिवराज ने किया उद्धाटन....

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- सोमवार से राजधानी भोपाल में G-20 के तहत थिंक-20 की बैठकें शुरू हो गईं। बैठकें दो दिन चलेंगी। कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने थिंक-20 का उद्धाटन किया। कार्यक्रम में 300 मेहमान हिस्सा ले रहे हैं। जिनमें 22 देशों से आए 94 मेहमान भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेहमानों से कहा, केवल मीटिंग में मत रहना, घूमना-फिरना भी। भोपाल और आसपास ट्राइबल म्यूजियम, सांची, भीमबेटका घूमें। समय हो तो उज्जैन में महाकाल लोक, ओंकारेश्वर भी जाएं। मप्र में 11 टाइगर सेंक्चुरी हैं। मप्र की वाइल्डलाइफ देखकर जाइए। मुख्यमंत्री ने भारतीय विचार 'वसुधैव कुटुम्बकम' का जिक्र करते हुए कहा यही विचार दुनिया को शांति की ओर ले जा सकता है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा- G20 ही क्यों? सारे देश एक साथ आएं। ऐसा फोरम बने, जिस पर दुनिया के सारे देश एक साथ खड़े हों।

शिवराज ने कहा, भारत गेस्ट को गॉड मानता है। अतिथि देवो भव: भारत की परम्परा है। मेहमान जो हमारा होता है, वो जान से प्यारा होता है। हम चिंतन-मनन करेंगे, इससे जो अमृत निकलेगा, वो दुनिया के काम आएगा। इस बार G-20 की थीम 'वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर' है। ये भारत का बहुत प्राचीन विचार है। दुनिया में हमने एक नहीं, दो विश्वयुद्ध देखे। आज भी शांति नहीं है। संयुक्त राष्ट्र संघ के गठन के बाद भी शांति नहीं है। भारत का बहुत पुराना विचार है- अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्। उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्॥ (यह मेरा है, वह पराया है, ऐसे विचार छोटे व्यक्ति करते हैं। उच्च चरित्र वाले लोग समस्त संसार को ही परिवार मानते हैं।) ये विचार दुनिया को शांति की तरफ ले जा सकता है। ये धरती भगवान ने सबके लिए बनाई है। इस धरती पर हमने अलग-अलग चैंबर तो बना लिए, ये मेरा देश है, ये आपका देश है, लेकिन हम सब एक ही चेतना के अलग-अलग अंग हैं।


हमारे यहां कहते हैं सियाराम मय सब जग जानी। एक ही चेतना मनुष्य मात्र में है। ये आगे बढ़ी तो भारत ने कहा कि प्राणियों में भी यही चेतना है। इसलिए हम गाय की पूजा करते हैं। यही चेतना हमने पेड़ों, पहाड़ों में मानी, इसलिए हम पेड़ों, पर्वतों की पूजा करते हैं। जब हमारे यहां कोई धार्मिक कार्यक्रम होता है, तो हम दुनियां के कल्याण की कामना करते हैं। सारे थिंकर्स यहां आए हैं। मैं किसी विषय का विशेषज्ञ नहीं हूं, लेकिन मैं सभी थिंक टेंकर्स से अनुरोध करता हूं कि हम मिलकर विचार करें। प्राकृतिक संसाधनों का हम सबने अंधाधुंध शोषण किया है। भौतिक प्रगति की चाह में प्रकृति का अंधाधुंध शोषण किया और आज हम कह रहे हैं कि पर्यावरण कैसे बचाएं। सबको सोचना पड़ेगा।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया को लाइफ का कॉन्सेप्ट दिया। ये सदी हमें धरती को समर्पित करना चाहिए- ग्रीन GDP यानी प्रगति प्रकृति के साथ। छोटी-छोटी चीजों से मप्र कैसे प्रकृति को बचाने का काम करेगा? ये में बता रहा हूं। पर्यावरण अगर बचाना है, तो भाषण से नहीं होगा। हमें खुद काम करना होगा, इसलिए मैं रोज दिन की शुरुआत करने से पहले एक पेड़ लगाता हूं। एक साल से कम हुआ है और अंकुर पोर्टल पर साढे़ आठ लाख लोगों ने पेड़ लगाकर फोटो अपलोड किए हैं।


इंदौर देश का सबसे स्वच्छ शहर है। भोपाल भारत की सबसे स्वच्छ राजधानी है। ये सब जनता के सहयोग से संभव हुआ है। मैं खुद दर्शन का छात्र रहा हूं। पीएम ने जो मंत्र दिया है, ये पृथ्वी हम सबके लिए है, यानी वन अर्थ। ये विश्व एक परिवार है। हमारे यहां एक जमाने में चीते खत्म हो गए थे। प्रधानमंत्री नामीबिया से चीते ले आए। हम चीता, टाइगर और क्रोकोडाइल स्टेट हैं। अब हम गिद्धों को बचाने का अभियान चला रहे हैं। प्रकृति में इनका योगदान है।

मन में कई बार पीड़ा होती है। दुनिया के 80 प्रतिशत संसाधनों का उपयोग मुट्‌ठी भर लोग करते हैं। ये कैसी धरती है, क्यों सबके लिए मकान न हों, साफ पानी न हो? न्यूनतम व्यवस्थाएं होनी चाहिए। अगर कोई कमजोर है, तो उसे उतना हासिल करने में मदद करो। सारी दुनिया के देश इसमें क्यों शामिल नहीं हैं। G-20 ही क्यों, सारी दुनिया एक हो। एक फोरम बने और सारे देश उस फोरम पर साथ आ जाएं।


विदेश से आए डेलिगेट्स ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ आज भोपाल के स्मार्ट उद्यान में पौधे लगाए। नीति आयोग दिल्ली के उपाध्यक्ष सुमन बेरी और मध्यप्रदेश नीति आयोग के प्रो. सचिन भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने कहा कि G-20 के तहत थिंक-20 की यह बैठक महत्वपूर्ण है। दुनियाभर के चिंतक और बुद्धिजीवी मध्यप्रदेश पधारे हैं। भोपाल कैपिटल ऑफ इंटेलेक्चुअल हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी वन अर्थ, वन फैमिली एंड वन फ्यूचर के सिद्धांत पर कार्य कर रहे हैं। आज ये उद्यान ग्लोबल गार्डन हो गया है।

Share:

Leave a Comment