enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भोपाल में राज्यपाल तो सीएम ने जबलपुर में किया ध्वजारोहण, देखिए क्या कुछ कहा शिवराज ने...

भोपाल में राज्यपाल तो सीएम ने जबलपुर में किया ध्वजारोहण, देखिए क्या कुछ कहा शिवराज ने...

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-गणतंत्र दिवस की 74वीं वर्षगांठ पर आज भोपाल में राज्य स्तरीय समारोह में गवर्नर मंगुभाई पटेल ने ध्वजारोहण किया। CM शिवराज सिंह चौहान ने जबलपुर में तिरंगा फहराया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया।

मुख्यमंत्री ने कहा...

भारत को स्वतंत्र कराने के लिए जिन क्रांतिकारियों ने अपना सबकुछ न्यौछावर कर दिया, उनको बारंबार प्रणाम। भारत प्राचीन और महान राष्ट्र है। हजारों साल पुराना इतिहास हमारा है। जब दुनिया के विकिसत राष्ट्रों में सभ्यता का सूर्य उदय नहीं हुआ, तब हमारे यहां वेदों की रचना हो गई थी। दुनिया को ज्ञान, प्रेम, आत्मीयता का संदेश भारत ने दिया।

मुझे बचपन याद आ रहा है। तब हम एक गाना सुनते थे- कल का हिंदुस्तान जमाना देखेगा...। आज मैं कह रहा हूं कि कल यह गीत था, आज गर्व के साथ कहता हूं कि कल का यह गीत आज जमाना देख रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का निर्माण हो रहा है। भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।

मध्यप्रदेश की विकास दर 19.76 प्रतिशत है। प्रचलित दरों पर हिन्दुस्तान में सबसे तेज विकास की दर हमारे प्रदेश की है। देश की अर्थव्यवस्था में कभी प्रदेश का योगदान 3.6 प्रतिशत होता था, जो बढ़कर 4.6 फीसदी हो गया है।
इंदौर में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भारत सहित विश्व भर से आए उद्योगपतियों ने ₹15.42 लाख करोड़ से अधिक के निवेश की घोषणा की है। यह उद्योग पूरे मध्यप्रदेश सहित महाकौशल क्षेत्र में भी आएंगे।
गांवों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 20 से 25 किमी के दायरे में सीएम राइज स्कूल बना रहे हैं। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लास, लैब, लाइब्रेरी तथा प्ले ग्राउंड यहां सब होगा। बच्चे बस से स्कूल पढ़ने आएंगे।
संस्कारधानी जबलपुर में यह बताते हुए मुझे प्रसन्नता है कि एक औद्योगिक क्षेत्र जबलपुर में भी बसाया जाएगा। यहां गारमेंट्स और टेक्सटाइल की यूनिट बनेगी, रहवासी प्लॉट्स भी होंगे, यहां होटल, हॉस्पिटल और मॉल के लिए भी जगह होगी।
देश आजाद हुआ, अंग्रेज चले गए, लेकिन अंग्रेजी बनी रही। जब दूसरे देश अपनी भाषा में उच्च शिक्षा की व्यवस्था कर सकते हैं, तो हम क्यों नहीं? मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक कदम बढ़ाया और मेडिकल व इंजीनियरिंग की पढ़ाई की हिंदी में शुरुआत की।
हमारा संकल्प है कि हर घर सोलर पैनल लगे और धीरे-धीरे घर की जरूरत की बिजली घर में ही बनने लगे। पानी, बिजली, सड़क या शिक्षा हो, मध्यप्रदेश बेहतर कार्य कर रहा है।
बिजली के क्षेत्र में मध्यप्रदेश सरप्लस स्टेट बन रहा है। अब कोयले और पानी से ही नहीं, हम सौर ऊर्जा से भी बिजली बनाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ हैं। ओंकारेश्वर में फ्लोटिंग सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा।
मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि मध्यप्रदेश सभी क्षेत्रों में ऐतिहासिक प्रति कर रहा है। हमारी विकास दर सतत बढ़ रही है, कृषि में हमारे किसानों ने चमत्कार कर दिया है। वादा करता हूं कि मध्यप्रदेश सबसे बेहतरीन सड़कों का राज्य बनेगा।
प्रधानमंत्री के ऐतिहासिक नेतृत्व में भारत प्रगति के पथ पर गतिमान है। कोविड-19 के संकट काल में मोदी जी ने न सिर्फ भारतवासियों के जीवन की रक्षा की, बल्कि भारत ने स्वयं वैक्सीन तैयार की और कई देशों को भेजी भी।
आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं।

Share:

Leave a Comment