enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश चुनावी साल में राजनैतिक जमावट,वन विकास निगम के अस्थाई कर्मी होंगे नियमित....

चुनावी साल में राजनैतिक जमावट,वन विकास निगम के अस्थाई कर्मी होंगे नियमित....

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मप्र में चुनावी साल शुरु होते ही राजनैतिक जमावट भी शुरु हो गई है। लंबे समय से वनवास झेल रहे नेताओं को निगम-मंडलों में एडजस्ट करके नाराजगी को कम करने की कोशिश चल रही है। मप्र राज्य वन विकास निगम में आदिवासी नेता माधव सिंह डाबर को अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया है। दोनों नेताओं ने सोमवार को पदभार ग्रहण किया। इस कार्यक्रम में वन मंत्री विजय शाह ने वन विकास निगम के अस्थाई कर्मचारियों को नियमित करने और वेतन बढ़ाने का ऐलान किया।

भोपाल के चार इमली स्थित फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में आयोजित पदभार ग्रहण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए वन मंत्री कुंवर विजय शाह ने कहा- हमारे बहुत से अस्थाई कर्मचारी हैं। उन्हें स्थाई नियुक्ति चाहिए। आज अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनने की खुशी में ये घोषणा कर रहा हूं कि एक अप्रैल से जितने भी चतुर्थ श्रेणी के अस्थाई कर्मचारी हैं वो सब परमानेंट हो जाएंगे। इनकी तीन-तीन हजार वेतन भी बढ़ेगी और ये सब नियमित भी हो जाएंगे।

अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की तरफ देखकर वन मंत्री ने कहा कि अगर ये दोनों बनते नहीं तो ये मामला भी रह ही जाता। एक अप्रैल से पहले बोर्ड की मीटिंग लेकर इनको परमानेंट करेंगे। हमको लगा कि करना तो है ही, इससे अच्छा मौका दूसरा होगा नहीं। आप सबको ढे़रों बधाई।

नियुक्ति में देरी पर वन मंत्री ने कसा तंज

पदभार ग्रहण कार्यक्रम में बोलते हुए वन मंत्री विजय शाह ने वन विकास निगम के अध्यक्ष माधव सिंह डाबर और उपाध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण सिंह की तरफ देखते हुए कहा- दादा थोड़ा जल्दी आना था। आप लोग काफी देर से आए। ये फैसला थोडा जल्दी होना चाहिए था। खैर अब आपके आने से वन विकास निगम नई ऊंचाईयों को छुए ऐसी मेरी कामना है। हमारे सभी कर्मचारी आपके साथ मिलकर काम करेंगे। हम नियमित रुप से बैठते रहेंगे।

वन विकास निगम के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में वन मंत्री विजय शाह, पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर, विदिशा सांसद रमाकांत भार्गव, झाबुआ- रतलाम सांसद जीएस डामोर, भोपाल संभाग के प्रभारी कांतिदेव सिंह, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष नागर सिंह चौहान, तपन भौमिक, जितेन्द्र लिटोरिया, शैलेन्द्र बरूआ, जनपद अध्यक्ष सीधी धर्मेन्द्र सिंह परिहार, कोतमा नपाध्यक्ष रामअवध सिंह, रीवा की पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माया पटेल, कॉपरेटिव बैंक के पूर्व अध्यक्ष रामसिंह पटेल, मऊगंज के पूर्व जनपद अध्यक्ष संतोष सिसोदिया के अलावा कई जिलों के बीजेपी से जुडे नेता मौजूद रहे।

Share:

Leave a Comment