enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सीधी-पूर्व मंत्री के तीखे बोल,हर जगह अव्यवस्था फिर कैसी विकास यात्रा....

सीधी-पूर्व मंत्री के तीखे बोल,हर जगह अव्यवस्था फिर कैसी विकास यात्रा....

सीधी (ईन्यूज एमपी)- प्रदेश भर में आज जहां मुख्यमंत्री विकास यात्रा का आगाज हुआ है जगह जगह स्थानीय नेताओं एवं विधायकों द्वारा विकास यात्रा की शुरुआत की गई है वहीं आज सीधी जिले के सिहावल विधायक एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल द्वारा स्थानीय सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता आहूत कर इस विकास यात्रा का विरोध जाहिर किया है। उनके द्वारा विभिन्न समस्याओं को इंगित करते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया गया है उन्होंने कहा कि देश की भ्रष्ट भाजपा सरकार में लचर स्वास्थ्य व्यवस्था शिक्षा छात्रों किसानों शिक्षित योग्य व बेरोजगारों का विनाश हो रहा है और सरकार विकास यात्रा निकाल रही है। यह विकास यात्रा नहीं प्रचार यात्रा है।मध्य प्रदेश का विनाश करके भाजपा सरकार अब विकास यात्रा निकालकर झूंठी वाहवाही लूटना चाहती है। भाजपा सरकार में यदि किसी का विकास हुआ है तो वह भाजपा के नेताओं का है। आम आदमी के हिस्से में महंगाई एवं बेरोजगारी ही आई है। भाजपा की यह सरकार विकास विरोधी, जुमलेबाज, भाषणबाज सरकार है। अपने कार्यकाल में सिर्फ लूटने, खसोटने का कार्य ही किया है। पूर्व मंत्री ने कहा कि सीधी जिले में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं है, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों के अधिकांश पद खाली हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में तो डॉक्टरों के पद ही खाली हैं। स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में स्थिति काफी दयनीय है। शिक्षक विहीन स्कूलों के कारण नौनिहालों का भविष्य बर्बाद हो रहा है। महंगाई की बात की जाए तो आज डीजल-पेट्रोल 100 रुपए पार बिक रहे हैं। कांग्रेस सरकार में जो रसोई गैस 460 रुपए में मिल रही थी आज 11 सौ रुपए से पार हो चुका है। सरसो के तेल 200 रुपए पार हैं। नमक से लेकर हर किराना सामान काफी महंगा हो चुका है। जिसका असर लोगों की रसोई में भी पड़ रहा है। दूध-दही समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं में जीएसटी लगा देने से कीमतें काफी ज्यादा बढ़ रही हैं।
विधायक कमलेश्वर पटेल ने जिले के सरकारी विभागों की चर्चा करते हुए कहा कि राजस्व विभाग में एक ही नियमित तहसीलदार है जो सिहावल में पदस्थ हैं। बांकी तहसीलों में प्रभारी ही तैनात हैं। सिहावल क्षेत्र में संचालित सरकारी विभागों में हर जगह प्रभारी तैनात हैं। प्रदेश भाजपा सरकार के मनमानी के चलते आज सभी परेशान हैं। हेल्थ वर्करों की समस्याएं नहीं सुनी जा रही है। वहीं अन्य कर्मचारी भी समस्याओं का निदान न होने से परेशान हैं। मुख्यमंत्री को इस पर जवाब देना चाहिए। देखा यह जा रहा है कि पंचायत एवं आजीविका मिशन प्रशिक्षण के नाम पर हजारों करोड़ों रुपए खर्च दिखाया जा रहा है जिसका कोई लाभ नहीं हो रहा है। केंद्रीय बजट में महंगाई, बेरोजगारी पर कोई चर्चा नही की गई। जबकि आज यह समस्या सबसे ज्यादा ज्वलंत है। चुनाव जीतने के लिए महान विभूतियों के नाम का सहारा लिया जाता है। चुनाव जीतने के बाद सबकुछ भुला दिया जाता है। जनता के सुख-दुख में सरकार को हमेंशा खड़ा होना चाहिए जो नहीं दिख रहा है। केवल चुनाव जीतने के लिए विकास यात्रा ही निकाली जा रही है। जिसमें झूंठे वायदे एवं प्रलोभन दिए जाएंगे। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष आनंद बहादुर सिंह, हरिहर गोपाल मिश्रा, विनय सिंह, मनोज सिंह, सतीश सिंह भी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment