enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश संत रविदास महाकुंभ में शामिल होने गए 25 लोग फूड पाइजनिंग का शिकार

संत रविदास महाकुंभ में शामिल होने गए 25 लोग फूड पाइजनिंग का शिकार

सागर/ रहली (ईन्यूज एमपी)- सागर में आयोजित संत रविदास महाकुंभ में शामिल होने गए 25 यात्री फूड पाइजनिंग का शिकार हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह सभी ग्राम खैराना बैदवारा से गए थे।

बुधवार को सागर में संत रविदास जयंती पर महाकुंभ का आयोजन किया गया था। इसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हुए। जिले के सभी ब्लाकों से हितग्राहियों, कार्यकर्ताओं को बसों से सागर भेजा गया था। रहली से भी बड़ी संख्या में लोग सागर पहुंचे थे।

इनमें ग्राम खैराना वैदवारा के करीब 45 लोग बस में सवार होकर गए थे। कार्यक्रम में सभी यात्रियों ने खाना खाया, खाने के बाद जब यात्री रहली वापस लौट रहे थे तभी बीच रास्ते में आधे से अधिक यात्रियों को उल्टी होने लगी।

हालात बिगड़ते देख सभी यात्रियों को रहली अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डा बसंत नेमा, गजेंद्र प्रताप सिंह ने तत्परता से इलाज किया। जानकारी लगते ही तहसीलदार संदीप तिवारी, पटवारी राजेंद्र प्रजापति अस्पताल पहुंचे और बीमारों का हालचाल जाना।

नगर पालिका अध्यक्ष देवराज सोनी भी अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल जाना। मरीज राजेश खैराना ने बताया कि सीएम के कार्यक्रम में गए थे। वहां पर हम सभी ने पूड़ी और आलू की सब्जी और मूली खाई। जिसके बाद से कार्यक्रम के दौरान ही एक-दो लोगों को पेट दर्द की शिकायत होने लगी थी।

जब हम सभी कार्यक्रम के बाद रहली लौट रहे थे तो बीच रास्ते में बस के लगभग अधिकांश लोगों को पेट दर्द और उल्टी होने लगी। बड़ी मुश्किल से हम लोग रहली लौट पाए।
प्राप्त जानकारी अनुसार खाने के पैकेट आजीविका मिशन के जय मां स्व सहायता समूह के द्वारा बनाए गए थे। इस संबंध में एसडीएम गोविंद दुबे का कहना है कि लोगों ने खाने के बारे में बताया है। बचे हुए खाने के पैकेट जब्त कर लिए गए हैं। सभी की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment