enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए फूंका बिगुल

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने विधानसभा चुनाव के लिए फूंका बिगुल

मंडला (ईन्यूज एमपी)-गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की ओर से मंडला में कार्यकर्ता सम्मलेन आयोजित किया गया। जिसमें गोंडवाना के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम सहित राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी उपस्थित हुए। निषाद राज मंगल भवन के नजदीक आयोजित इस सम्मलेन में जिले भर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे। जिन्हें गोंडवाना के पदाधिकारियों ने संबोधित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष गोंडवाना गणतंत्र पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।

इस दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (जीजीपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तुलेश्वर मरकाम ने दावा किया कि इस बार जीजीपी पूरे दमखम से चुनाव लड़ेगी और इस बार प्रदेश में किंग मेकर बनेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सुझाव मांगे हैं जिसके आधार पर 18 सितंबर शंकर शाह और रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस पर गढ़ा कटंगा जबलपुर से अपना घोषणा पत्र जारी करेगी।

तुलेश्वर मरकाम ने कहा कि जीजीपी न तो कांग्रेस के बनाए गठबंधन इंडिया के साथ है और न ही एनडीए के। उन्होंने कहा कि जीजीपी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना में तीसरे मोर्चे के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी।

इस दौरान उन्होंने मप्र में 25 सीटें जीतने का दावा किया और कहा कि सरकार हम ही बनाएंगे क्योंकि हम किंग मेकर होंगे। उन्होंने मंडला लोकसभा सहित प्रदेश में दो लोकसभा सीट जितने का भी दावा किया।

Share:

Leave a Comment