उदयपुर (ईन्यूज़ एमपी) राजस्थान के उदयपुर में आज दर्शनार्थियों की एक बस पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई है| घटना गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र के नेला गांव की है जहां सामने से आते मोटर साइकिल सवार को बचाने के चक्कर में बस चालक ने तेजी से बस को एक तरफ घुमाया इस दौरान बस अनियंत्रित होकर पलट गई| हादसे की जानकारी लगते ही गोवर्धन विलास पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी| जानकारी के मुताबिक घटना में 6 महिलाओं व 3 पुरुषों की मौत हो गयी है| और करीब 2 दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुये हैं| घायलों में बुजुर्गों की संख्या ज्यादा है| यह सभी लोग अहमदाबाद से हरिद्वार जा रहे थे और इसी दौरान नेला गांव में यह हादसा हुआ| घायलों को उदयपुर के एमबी चिकित्सालय में लाया गया है, जहां उनका इलाज जारी है| पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस गुजरात की है। बस में सवार यात्री हरिद्वार और काशी भगवान के दर्शन के लिए जा रहे थे। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दुर्घटना के सही कारणों का पता लगा लिया जाएगा। मृतक और घायलों की पहचान करने तथा उनके परिजनों से संपर्क करने में पुलिस जुट गई है। हादसे के बाद ट्वीट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य की सीएम वसुंधरा राजे सिंधिया ने दुख जताया है| सीएम ने पीड़ितों को हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया है और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की है|