(ईन्यूज़ एमपी)- सिक्किम के डोकलाम एरिया को लेकर जारी मतभेदों पर शुक्रवार को भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। इससे पहले गुरुवार को डोभाल ने चीन के एनएसए यांग जिआची से मुलाकात कर चुके हैं। डोभाल ने ब्रिक्स देशों के एनएसए के साथ जिनपिंग से मुलाकात की। उधर, डोकलाम विवाद पर चीन के सरकारी मीडिया ने भारत को फिर धमकी दी है। कहा है, डोकलाम मसला चीन-भूटान बॉर्डर विवाद है। इसमें थर्ड पार्टी के तौर पर भारत को दखल देने का क्या हक है| चीनी मीडिया ने कहा -भारत के तर्क के मुताबिक अगर उसे ये हक है तो ये बहुत खतरनाक होगा क्योंकि अगर कश्मीर मसले पर पाकिस्तान ने अपील की तो चीन की आर्मी वहां विवादित एरिया में घुस सकती है, जिसमें भारत के अधिकार वाला कश्मीर भी शामिल है। बता दें कि डोकलाम में 42 दिन से भारत-चीन के सैनिक आमने-सामने हैं। ये इलाका एक ट्राई जंक्शन है। चीन यहां सड़क बनाना चाहता है, पर भारत-भूटान इसका विरोध कर रहे हैं।