enewsmp.com
Home सीधी दर्पण कलेक्टर साकेत मालवीय की पहल का दिख रहा सकारात्मक परिणाम,आश्रय स्थल जरूरतमंदों के लिए हो रहा मददगार....

कलेक्टर साकेत मालवीय की पहल का दिख रहा सकारात्मक परिणाम,आश्रय स्थल जरूरतमंदों के लिए हो रहा मददगार....

सीधी(ईन्यूज एमपी)- कड़ाके की सर्दी को देखते हुए सभी नगरीय निकायों में आश्रय स्थलों के संचालन की कलेक्टर साकेत मालवीय की पहल के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल रहे हैं। इसमें अब समाजसेवियों का सहयोग भी मिल रहा है।
पतुलखी के दिव्यांग राममिलाप पाठक शुक्रवार 5 जनवरी को किसी कार्य से कलेक्ट्रेट आये थे, मौसम की खराबी के कारण घर नहीं जा पाए। वह कलेक्ट्रेट में ही रात बिताने को मजबूर थे लेकिन इसकी जानकारी मिलने पर कलेक्टर के निर्देश पर उन्हें नगर पालिका द्वारा संचालित आश्रय स्थल में ले जाया गया। इसके पूर्व भी गुरुवार की रात मुख्य नगर पालिका अधिकारी के प्रयासों से डैनिहा में रोड किनारे अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला को आश्रय स्थल सीधी लाया गया।
इसी प्रकार शनिवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी के प्रयासों से मेघदूत पार्क के पास स्थित मंदिर में अकेले रहने वाली बुजुर्ग महिला को आश्रय स्थल लाया गया। साथ उनके हाथ में लगी चोट का उपचार करवाकर भोजन दिया गया। इस कार्य में वार्ड के निवासी श्री सिंह का बहुत सहयोग रहा।
कलेक्टर ने गणमान्य नागरिकों से अपील की है कि नगर पालिका क्षेत्र में आश्रय स्थल संचालित है, यदि किसी जरूरतमंद को रात में ठहरने की जगह नहीं मिल रही हो तो उसे जिला चिकित्सालय परिसर सीधी अवध होटल के बगल में संचालित आश्रय स्थल पहुंचाने में मदद करें। आप इसकी सूचना नगर पालिका या प्रशासन को भी दे सकते हैं। अन्य नगरीय निकायों में भी इसी प्रकार की व्यवस्था की गई है।
उल्लेखनीय है कि नगर पालिका सीधी में जिला चिकित्सालय के परिसर में आश्रय स्थल संचालित है जिसमें 15 पुरुषों तथा 10 महिलाओं के ठहरने की पृथक-पृथक व्यवस्था की गई है। इसी प्रकार नगर परिषद चुरहट, रामपुर नैकिन एवं मझौली में सड़क के किनारे रहने, दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए अस्थाई आश्रय स्थल की व्यवस्था कराई गयी है। उक्त नगरीय निकायों द्वारा महिला एवं पुरूषों के लिये पृथक-पृथक रात्रि विश्राम के लिए गद्दे, तकिये, कंबल, शौचालय, स्वच्छ पानी की व्यवस्था की गयी है तथा सुरक्षा की दृष्टि से तथा अन्य व्यवस्था हेतु कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है। अस्थाई आश्रय स्थल सामुदायिक भवन चुरहट के लिए संतोष कुमार वर्मा मो.नं. 9993306951, नगर परिषद रामपुर नैकिन में कार्यालय के पास आश्रय स्थल रामपुर नैकिन हेतु अमृतलाल पटेल मो.नं. 9981195062 एवं नगर परिषद मझौली कार्यालय आश्रय स्थल मझौली के लिए समयलाल केवट मो.नं. 9669296716 है।

Share:

Leave a Comment