enewsmp.com
Home सीधी दर्पण जनपद चुनाव : सीधी में भाजपा, मझौली में कांग्रेस का कब्जा...

जनपद चुनाव : सीधी में भाजपा, मझौली में कांग्रेस का कब्जा...

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव के दूसरे चरण में आज जिला मुख्यालय की जनपद पंचायत सीधी में भाजपा के वरिष्ठ नेता धर्मेन्द्र सिंह परिहार अध्यक्ष निर्वाचित हुये हैं। उन्हें 25 में से 13 वोट मिले। पराजित संयुक्त उम्मीदवार दधीच सिंह चौहान की धर्म पत्नी को 12 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित श्रीमती सुमन सिंह पटेल निर्वाचित घोषित की गईं।
श्री परिहार को सीधी विधायक केदार नाथ शुक्ल का समर्थन प्राप्त था। अन्य भाजपा नेता धर्मेन्द्र सिंह के पक्ष में नहीं देखे गये। मात्र 1 मत से उनकी जीत ने विरोधियों की दुरभि संधि पर विराम लगा दिया।
जिले के दूसरे महत्वपूर्ण जनपद पंचायत मझौली के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद बहादुर सिंह चौहान शेर की पुत्री सुश्री सुनैना सिंह ने भाजपा समर्थित उमा सिंह को 04 के मुकाबले 17 मतों से पटकनी दी। उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित रमेश कुशवाहा ने जीत दर्ज की। यहां नगर पंचायत मझौली में कांग्रेस ने अपनी करारी हार का बदला ले लिया।
सीधी जिले की पांच जनपद पंचायतों में से अध्यक्ष पद पर 04-कांग्रेस, 01 भाजपा तथा उपाध्यक्ष के पांचों पदों में कांग्रेस ने अपना परचम लहराया है।

विजय सिंह
सीधी

Share:

Leave a Comment