enewsmp.com
Home सीधी दर्पण सेवानिवृत्त हुए जिला आपूर्ति अधिकारी, कलेक्ट्रेट से विदा हुए आशुतोष तिवारी......

सेवानिवृत्त हुए जिला आपूर्ति अधिकारी, कलेक्ट्रेट से विदा हुए आशुतोष तिवारी......

सीधी (ईन्यूज एमपी)-जिला आपूर्ति अधिकारी आशुतोष तिवारी तथा नायब नाजिर वशिष्ठ मुनि दुबे के अर्धवार्षिकी सेवानिवृत्त की आयु पूर्ण होने से दिनांक 31 जुलाई 2022 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। माह का अंतिम कार्य दिवस होने के कारण कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला आपूर्ति अधिकारी श्री तिवारी तथा नायब नाजिर श्री दुबे के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। विदाई समारोह में कलेक्टर मुजीबुर्रहमान खान तथा अपर कलेक्टर बी के पाण्डेय द्वारा शाल और श्रीफल भेंट कर श्री तिवारी एवं श्री दुबे को सम्मानित किया गया।

कलेक्टर तथा अपर कलेक्टर द्वारा जिला आपूर्ति अधिकारी श्री तिवारी की कार्य कुशलता एवं प्रशासनिक क्षमता की सराहना करते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली, उज्ज्वला गैस योजना के सफल क्रियान्वयन, रबी एवं खरीफ उपार्जन, सी.एम.हेल्पलाइन के निराकरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को याद करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दी गई। जिला आपूर्ति अधिकारी श्री तिवारी द्वारा उनके शासकीय सेवा में रहते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।

उल्लेखनीय है कि जिला आपूर्ति अधिकारी श्री तिवारी की शासकीय सेवा यात्रा जनवरी 1989 में खाद्य निरीक्षक जबलपुर से प्रारंभ हुई। उनकी पदोन्नति मई 2003 में सहायक आपूर्ति अधिकारी तथा अगस्त 2013 में जिला आपूर्ति अधिकारी के पद पर हुई। अपने 33 वर्ष से अधिक के कार्यकाल में आपने जिला आपूर्ति अधिकारी शहडोल, अनूपपुर, सतना एवं सीधी के रूप में सेवाएं दी हैं। आपने अपने सेवाकाल के दौरान विभिन्न कर्मचारी संघों में भी अपनी सेवाएं दी हैं। इसी प्रकार नायब नाजिर श्री दुबे द्वारा जुलाई 1986 से लगातार सीधी में विभिन्न पदों में अपनी सेवाएं दी गई हैं।

इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश कुमार शर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रेयस गोखले सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment