enewsmp.com
Home सीधी दर्पण एक दशक बाद हुआ व्यापारी संघ का चुनाव, लालचंद्र फिर बने अध्यक्ष....

एक दशक बाद हुआ व्यापारी संघ का चुनाव, लालचंद्र फिर बने अध्यक्ष....

सीधी (ईन्यूज एमपी)-करीब एक दशक बाद रविवार को हुए जिला व्यापारी संघ के चुनाव में लालचंद्र गुप्ता अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सुरेश गुप्ता को ५१० मतों से पराजित किया। लालचंद्र को १०१३ मत मिले, वहीं सुरेश गुप्ता को ५०३ मतों से संतोष करना पड़ा। ५२ मत निरस्त रहे। कोषाध्यक्ष पद पर रोशन लाल गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेंद्र सोनी को ४०४ मतों से पराजित किया। रोशन लाल को ९५४ मत मिले, जबकि राजेंद्र को ५५० मत। ६४ मत निरस्त रहे। जिला व्यापारी संघ के लिए कुल पंजीकृत १९३२ मतदाताओं में से १५६८ मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला व्यापारी संघ के चुनाव को लेकर बीते एक माह से प्रक्रिया चल रही थी। सदस्यता अभियान के बाद निर्वाचन की तिथि निर्धारित की गई थी। जिला व्यापारी संघ का चुनाव जिलाध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव, व सह सचिव पद के लिए होना था, लेकिन जिलाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन दाखिल किया गया। परिणाम की घोषणा के बाद ही लालचंद्र गुप्ता के समर्थकों में उत्साह भर गया। निर्वाचित जिलाध्यक्ष व कोषाध्यक्ष का स्वागत कर शहर में विजय जुलूस निकाला गया।

बता दें कि कल रविवार को शहर के मानस भवन में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह ७ बजे से शाम ५ बजे तक मतदान चला। रिटर्निंग ऑफिसर एड.बृजेंद्र सिंह द्वारा मतदान के लिए चार पोलिंग बूथ बनाए गए थे, यहां जिलाध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए दो-दो अभ्यर्थियों के लिए कुल १९३२ मतदाताओं में से १५६८ मतदाताओं ने वोट डाले। मतदान के तुरंत बाद पोलिंग बूथ वार मतगणना शुरू की गई। रिटार्निग आफिसर एड. बृजेंद्र सिंह द्वारा परिणाम घोषित किए गए। विधिवत परिणाम घोषित होने के बाद निर्वाचित पदाधिकारियों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

Share:

Leave a Comment