enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीएम ने की अधिकारियों की तारीफ,कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में कहा- काम में यही तड़प चाहिए, ये टीम मध्यप्रदेश है....

सीएम ने की अधिकारियों की तारीफ,कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में कहा- काम में यही तड़प चाहिए, ये टीम मध्यप्रदेश है....

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस में अफसरों की तारीफ की। उन्होंने कहा, हम वो लोग हैं, जिन्हें जनता की जिंदगी बदलने का सौभाग्य मिला है। आप शासन के प्रतिनिधि हैं, अच्छा कार्य देखकर मन में आनंद और प्रसन्नता होती है। हम लोगों की जिंदगी बदलने के लिए काम कर रहे हैं। आप साधारण नहीं, मध्यप्रदेश के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं। आप प्रदेश के 8.50 करोड़ नागरिकों में से चुनिंदा लोग हैं। 52 कलेक्टर, 10 कमिश्नर, वल्लभ भवन के सीनियर अफसर हैं। ये टीम मध्यप्रदेश है, जो प्रदेश की उन्नति के लिए हर क्षण संकल्पित है।

मंत्रालय में आज से कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के गायन के साथ शुरू हुई। कॉन्फ्रेंस दो दिन चलेगी। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विभागवार विकास कार्य और योजनाओं की समीक्षा कर रहे हैं। CM केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन और मॉनिटरिंग को लेकर जानकारी ले रहे हैं।

CM शिवराज ने कहा...

हमें और अधिक जी-जान व साहस के साथ लोगों की सेवा में जुटना है। हमारी अनेकों उपलब्धियां हैं। हमारी ग्रोथ रेट 19.76% है। प्रदेश में सड़क और सिंचाई के हजारों करोड़ रुपए के काम चल रहे हैं। सुशासन का यही मतलब है कि बिना किसी परेशानी के समय पर सुविधाओं का लाभ मिल जाए।

मुख्यमंत्री ने सीहोर, इंदौर, डिंडौरी, सिंगरौली और बड़वानी कलेक्टर सहित अन्य जिलों की तारीफ करते हुए कहा कि काम में यही तड़प चाहिए। बड़वानी में कुष्ठ रोगियों के लिए बड़वानी कलेक्टर की पहल सराहनीय है। हमारे सभी अधिकारी जिलों में नवाचार कर रहे हैं, जो प्रशंसनीय है। सिंगरौली और टीकमगढ़ जिले में भू अधिकार योजना का क्रियान्वयन सराहनीय है। मैं गर्व के साथ कह रहा हूं कि हमने मध्यप्रदेश को बदला है। हमें रोडमैप बनाकर और अधिक तेजी से विजन और मिशन के साथ जुटना है। अपने एक-एक मिनट का सदउपयोग कर हमें साढ़े आठ करोड़ नागरिकों की बेहतरी की चिंता करना है।

प्रदेश की उन्नति और जनता के हित में मुझे अपना सर्वश्रेष्ठ देना है। गरीबों की जिंदगी में बदलाव लाना ही हमारा लक्ष्य है। प्रदेश के नागरिकों के जीवन में खुशहाली लाना ही हमारा कर्तव्य है।

योजनाओं की समक्षा में मुख्यमंत्री ने यह दिए निर्देश

PESA नियम 2022 का क्रियान्वयन

शांति और विवाद निवारण समिति बहुत अच्छा कॉन्सेप्ट है।
ग्राम सभाओं ने सफलतापूर्वक तेंदूपत्ता का संग्रहण कर लिया और बेच लिया, तो यह ऐतिहासिक हो जाएगा।
आदिवासी क्षेत्रों में खाता बड़ी समस्या है। इससे योजनाओं का लाभ पात्र नागरिक नहीं उठा पाते हैं।
नामांतरण और फौती नामांतरण में त्रुटि सुधार का काम विकास यात्रा में हो जाए, यह सुनिश्चित करें।
वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में परिवर्तित करने का काम हमने किया है, यह बहुत महत्वपूर्ण था।
आप अपने अपने जिलों में पेसा ग्राम और पेसा ब्लॉक छांट लें। इन गांवों में यात्रा जाए, तो तय करें और पेसा के बारे में सही जानकारी दें ।
मण्डला में लोकल भाषा में प्रचार करने की व्यवस्था की है।
शहडोल में पेसा को लेकर स्कूलों में प्रतियोगिताएँ कराई हैं।
जनजातीय विभाग द्वारा कम्युनिटी रेडियो चलता है, इसका उपयोग कर सकते हैं।
पेसा नियम अनुसार 9467 ग्रामों में वन संसाधन योजना एवं नियंत्रण स‍मिति का गठन किया जा चुका है।
पेसा नियम अनुसार 11111 ग्राम सभाओं में शांति एवं विवाद निवारण समिति का गठन किया जा चुका है।

जल जीवन मिशन का क्रियान्वयन

जल जीवन मिशन सबसे महत्वपूर्ण काम है, इससे महिलाओं की जिंदगी बदलने वाली है।
इसके लिए हम विशाल धनराशि खर्च कर रहे हैं, कोई गड़बड़ कर रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई करें।
आप लोकल लोगों और जनप्रतिनिधियों को जोड़ेंगे, तो ग्राउंड रिएलिटी पता चलेगी।
हर जिले में हजार करोड़ से ज्यादा का काम हो रहा है।
योजना के संचालन में महिला स्वसहायता समूहों को जोड़ें।
शिलान्यास और लोकार्पण, दोनों ही कार्यक्रम में जनता को बुलाएं।
निवाड़ी और इंदौर में शत प्रतिशत कार्य पूर्ण होने वाला है।

सीएम राइज स्कूल

स्कूल की प्रतिष्ठा ठीक ढंग से बना पाएं, तो गरीब के बच्चों को बहुत फायदा होगा।
महीने में कम से कम एक बार प्राचार्य से जुड़ें, दौरे पर जाएं।
बड़वानी जब परिवहन की व्यवस्था कर सकता है, तो बाकी जिले भी यह प्रयास करें।
सीएम राइज़ स्कूल से टीचर्स, पेरेंट्स और स्टूडेंट्स में गर्व की फीलिंग आई है।
बड़वानी जिले सीएम राइज एचएसएस, पहला स्कूल है, जिसने अपने छात्रों के ͧलिए बस परिवहन का संचालन ͩकिया है
इन योजनाओं की चल रही समीक्षा

मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना एवं मुख्यमंत्री नगरीय भू-अधिकार योजना के क्रियान्वयन
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के क्रियान्वयन
नगरीय क्षेत्रों में अनाधिकृत कॉलोनियों में नागरिक अधोसंरचना विकास भवन निर्माण अनुज्ञा उपलब्ध कराने की कार्यवाही
शिशु मृत्युदर, नवजात शिशु मृत्युदर, मातृ मृत्युदर को कम करने के लिए किए जा रहे प्रयास
आयुष्मान भारत निरामयम मध्यप्रदेश की समीक्षा
सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा
मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा
दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं विभिन्न उपकरण प्रदाय संबंधी योजना में सैचुरेशन की समीक्षा
संबल 2 योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा
लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग का प्रस्तुतिकरण।

Share:

Leave a Comment