enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश टाइगर के हमले में किसान की मौत, गांव में जारी हुआ अलर्ट....

टाइगर के हमले में किसान की मौत, गांव में जारी हुआ अलर्ट....

खंडवा (ईन्यूज एमपी)- खंडवा में टाइगर के हमले में किसान की मौत हो गई। टाइगर का पंजा लगने से उसके शरीर में इंफेक्शन फैल गया। उसे इंदौर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। घटना बुधवार की है। किसान को घायल हालत में खंडवा जिला अस्पताल लाया गया था। 24 घंटे बाद गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। इधर, टाइगर का रेस्क्यू करने इंदौर से टीम भेजी गई है।

घटना खंडवा-खरगोन सीमा से लगे झिरन्या के पास गवला गांव में हुई। यहां किसान संतोष (30) पिता रमेश भास्करे बुधवार शाम को खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान टाइगर ने अटैक कर दिया। किसान जैसे-तैसे टाइगर के चंगुल से बच निकला। लहुलूहान हालत में उसे पंधाना के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां उसकी हालत स्थिर रही। गुरुवार को शरीर में इन्फेक्शन फैल गया। जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे इंदौर रेफर किया था।

बुधवार को संतोष ने अफसरों को बताया था कि दिन में खेत के आसपास मुझे टाइगर दिखा था। मैंने ध्यान नहीं दिया। शाम को मैं खेत पर काम कर रहा था। इसी दौरान टाइगर ने अचानक बगल से आकर मुझे झपट लिया। टाइगर ने मेरे मुंह पर जैसे ही पंजा मारा। मैंने पूरी ताकत लगाकर उसे झपट दिया। फिर, 5 मिनट में टाइगर ने अपना रास्ता बदल लिया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डॉ. संजय पाराशर का कहना है कि टाइगर के नाखूनों में जहर होता है। इसी से इंफेक्शन फैला है। टाइगर ने संतोष के मुंह पर पंजा मारा था। टाइगर के पंजे के नाखून जहरीले होते हैं। इन्फेक्शन के संबंध में बचाव के तरीके बताए गए थे, लेकिन इन्फेक्शन तेजी से फैलता है।


टाइगर का रेस्क्यू करने इंदौर का दल गांव पहुंचा है। छैंडिया गांव के पास टाइगर के विचरण की पुष्टि अफसरों ने की है। टीम ने 4 जगह जाल बिछाया है। एक जगह पिंजरा लगाया है। करीब 20 लोगों की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। बता दें कि, रेस्क्यू से संबंधित संसाधन खंडवा जिले में उपलब्ध नहीं है। आसपास के गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।

Share:

Leave a Comment