enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश विश्व पर्यावरण दिवस पर बोले शिवराज अभी नहीं चेते तो, धरती पर रहना होगा मुश्किल....

विश्व पर्यावरण दिवस पर बोले शिवराज अभी नहीं चेते तो, धरती पर रहना होगा मुश्किल....

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-भोपाल के रवींद्र भवन में विश्व पर्यावरण दिवस पर 'मिशन लाइफ' पर केंद्रित 'यूथ फॉर लाइफ' में CM ने कहा, आज मनुष्य अंधा हो चुका है। हम सभी भागीदार हैं, जो कई संकटों का सामना कर रहे हैं। इस साल बारिश भी बंद नहीं हुई है। अप्रैल, मई, जून में पानी गिर रहा है। हमने पूरे प्राकृतिक संतुलन को समाप्त कर दिया है। आज विश्व पर्यावरण दिवस पर कहना चाहूंगा कि अगर हम सभी एक पेड़ लगाएं, तो मध्यप्रदेश में 9 करोड़ पेड़ तो ऐसे ही लग जाएंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, अगर आज नहीं जागे, तो यह धरती आने वाली पीढ़ियों के रहने लायक नहीं बचेगी। उन्होंने कहा, जिन खतरों का विश्व जिक्र कर रहा है, उसे हमारे ऋषि पहले ही कह चुके हैं। हमारी संस्कृति में भी कहा गया है कि प्राणियों में भी चेतना है। भारत ने हजारों साल पहले यह विचार किया है कि प्रकृति का शोषण नहीं करो, उसका दोहन करो।

CM ने कहा, इन चीजों को अपनाकर बदलें आदतें...

कम से कम जन्मदिन पर पेड़ लगाएं।
बिजली और पानी बचाएं।
सिंगल यूज प्लास्टिक का यूज बंद कीजिए।

सांसद बोलीं, हमें पर्यावण की शुद्धि और संरक्षण का लक्ष्य बनाना होगा
भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने कहा, आज का समय विश्व में चेतना का समय है। हमें पर्यावण की शुद्धि और संरक्षण का लक्ष्य बनाना होगा। हम अपने वैदिक मंत्रों के साथ चलते रहें। अपने और दूसरे के जीवन की रक्षा करें। सभी की रक्षा के साथ हम भारत मां की रक्षा करें।

वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार, फेलोशिप के स्वीकृति पत्र दिए
समारोह में राज्य जलवायु परिवर्तन कार्ययोजना एवं भोपाल क्लाइमेट स्मार्ट सिटी कार्य योजना का विमोचन किया गया। इसके अलावा रामसर वेटलैंड साइट्स प्रमाण पत्रों का वितरण, वार्षिक पर्यावरण पुरस्कार, क्लाइमेट चेंज पीएचडी फेलोशिप के स्वीकृति पत्र भी प्रतिभागियों को दिए गए। आत्मनिर्भर गोशाला हैकेथॉन के विजेताओं को भी पुरस्कार दिए गए। इस दौरान ग्रीन सिटी रैंकिंग की घोषणा भी की गई।

'मिशन लाइफ' का लक्ष्य

पर्यावरण मंत्री हरदीप सिंह डंग ने बताया कि केंद्रीय पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा मिशन लाइफ की थीम- सिंगल यूज प्लास्टिक को कम करना, ऊर्जा संरक्षण, पानी बचाओ, शाश्वत खाद्य प्रणाली को अपनाना, कचरे को कम करना, स्वस्थ जीवन शैली अपनाना और ई-कचरे को कम करना है। इसके तहत पूरे देश में एक लाख आयोजन का लक्ष्य रखा गया। मध्यप्रदेश में मिशन लाइफ में 75 तरह के कार्यक्रम किए जा चुके हैं।

वेस्ट-टू-वेल्थ हेकाथान में विभिन्न राज्यों से मिले सुझाव

गाय के गोबर और गो-मूत्र आदि अपशिष्ट से आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से मप्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 'आत्मनिर्भर गोशाला' विषय पर 'वेस्ट-टू-वेल्थ' हेकाथान का आयोजन किया था। इसमें प्रदेश के अलावा छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और गुजरात के प्रतिभागियों ने 54 सुझाव आए। दो सर्वश्रेष्ठ सुझावों वाले राज्यों को पुरस्कार भी दिए गए।

प्रदेश के 7 स्मार्ट शहरों की कार्ययोजना का विमोचन

केंद्रीय शहरी विकास एवं आवास मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी मिशन में क्लाइमेंट स्मार्ट सिटी असेसमेंट फ्रेमवर्क शुरू किया है। इसमें पर्यावरण विभाग द्वारा एप्को और डब्लूआरआई के तकनीकी सहयोग से मध्यप्रदेश के 7 स्मार्ट शहर- भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर, सतना और सागर के महत्वपूर्ण क्लाइमेंट एक्शन प्लान तैयार किए गए हैं, जो देश में इन शहरों को बेहतर रैंक प्राप्त करने में मददगार होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस कार्ययोजना और एप्को द्वारा जलवायु परिवर्तन कार्ययोजना के द्वितीय संस्करण का विमोचन भी किया।

Share:

Leave a Comment