enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कमलनाथ दिल्ली में टिके, भोपाल में दिग्विजय बोले- ईडी, CBI, आइटी का दबाव, फिर भी नहीं लगता कांग्रेस छोड़ेंगे

कमलनाथ दिल्ली में टिके, भोपाल में दिग्विजय बोले- ईडी, CBI, आइटी का दबाव, फिर भी नहीं लगता कांग्रेस छोड़ेंगे

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ अपने बेटे नकुल नाथ के साथ शनिवार से दिल्ली में डेरा डाले बैठे हैं। कांग्रेस में उनके कुछ समर्थक नेता भी दिल्ली पहुंच गए हैं। प्रबल संभावना है कि वह जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। इससे कांग्रेस की प्रदेश इकाई में भी बेचैनी बढ़ गई है।

इसी बीच दिग्विजय सिंह ने भोपाल में कहा कि मेरी कमल नाथ से लगातार चर्चा हो रही है। कांग्रेस नेतृत्व की लगातार उनसे चर्चा हो रही है। उनके जैसा व्यक्ति जिन्होंने कांग्रेस से शुरुआत की, जिन्हें हम सब इंदिरा गांधी का तीसरा बेटा मानते थे, उन्होंने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है। वे कांग्रेस के स्तंभ रहे हैं। उन्हें कौनसा पद नहीं मिला? केंद्र में मंत्रिमंडल में शामिल रहे, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रहे, प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रहे और प्रदेश के मुख्यमंत्री भी बने। उन्हें सभी पद मिले हैं। मुझे नहीं लगता कि वे पार्टी छोड़ेंगे।

दिग्विजय ने आगे कहा कि दरअसल आज जो ईडी का, सीबीआइ का, इन्कम टैक्स विभाग का जो सब पर है, वो उन पर भी है। लेकिन कमल नाथ जी का चरित्र दबाव में आने वाला नहीं रहा है। जब एक पत्रकार ने दिग्विजय से कहा कि कमल नाथ भाजपा में जाने की बातों का खंडन भी तो नहीं कर रहे। इस पर दिग्विजय बोले कि उन्होंने न तो अब तक भाजपा ज्वाइन की है और न ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया है, इसके अलावा आपको और क्या खंडन चाहिए।

Share:

Leave a Comment