enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भरे बाजार में हुई सूबेदार की पिटाई.....

भरे बाजार में हुई सूबेदार की पिटाई.....

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- कमला नगर के साप्ताहिक हाट में खरीदारी कर रही महिला के साथ 58 साल के सूबेदार ने अश्लील हरकत कर दी। इस बात का पता चलने पर महिला के बेटों ने सूबेदार की जमकर पिटाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कार्रवाई की है। आरोपित सूबेदार पीएचक्यू में पदस्थ है।

कमलानगर पुलिस के मुताबिक नेहरू नगर निवासी 50 वर्षीय महिला बुधवार रात करीब 10 बजे हाट में सब्जी खरीदने पहुंची थी। इस दौरान एक व्यक्ति बाजार में उसका लगातार पीछा कर रहा था। बीच-बीच में उसने बुरी नीयत से महिला को धक्का भी दिया। एक दुकान पर सामान खरीदते समय उस व्यक्ति ने महिला का अचानक हाथ पकड़ लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करना शुरू कर दी। महिला ने शोर मचा दिया।

इस बीच घटना की सूचना महिला के दो बेटों को मिली। वह मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति को पकड़ लिया। दोनों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित की पहचान साउथ टीटी नगर निवासी राजेंद्र दुबे (58) के रूप में हुई। वह पीएचक्यू में सूबेदार के पद पर पदस्थ है। घटना के बाद पुलिस ने सूबेदार का मेडिकल कराया। मारपीट में चोट लगने के कारण पुलिस ने सूबेदार की शिकायत पर महिला के दोनों बेटों के खिलाफ भी मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।

Share:

Leave a Comment