enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में छठा दिन, राहुल गांधी ने देखा मलखंब, की साइकलिंग....

भारत जोड़ो यात्रा का मप्र में छठा दिन, राहुल गांधी ने देखा मलखंब, की साइकलिंग....

इंदौर(ईन्यूज एमपी)- राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का मध्य प्रदेश में आज छठा दिन है। रविवार को राहुल गांधी की यात्रा महू से इंदौर पहुंची थी। इंदौर पहुंचने के बाद रात को राहुल गांधी ने राजवाड़ा पर लोगों को संबोधित किया था।

राहुल गांधी शहर के बड़ा गणपति में भगवान गणेश के दर्शनों के बाद उज्जैन के लिए रवाना हुए। सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। इसमें विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, सचिन यादव, अरूण यादव सुबह करीब साढ़े पांच बजे ही यहां पहुंच चुके थे।

दिग्विजय सिंह भी सुबह बड़ा गणपति पहुंच गए थे। इनके साथ वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर भी शामिल हुए। राहुल गांधी की यात्रा के लिए लोग सुबह से ही यहां पहुंचना शुरू हो गए थे। यात्रा सुबह करीब सवा छह बजे बड़ा गणपति से शुरू हुई।

यहां से जिंसी होते हुए आगे बढ़ी और मरीमाता चौराहे तक पहुंची। यात्रा ने करीब 20 मिनट में बड़ा गणपति से मरीमाता का सफर पूरा किया।

मरीमाता चौराहे से आगे राहुल गांधी की यात्रा के स्वागत के लिए दीपू यादव ने मंच लगा रखा था। इस मंच पर राहुल गांधी ने मलखंब पर प्रदर्शन कर रहीं बच्चियों का उत्साहवर्धन किया। कुछ देर के लिए वह वहां रूके रहे। राहुल गांधी कांग्रेस के विधायक संजय शुक्ला के निवास पर नहीं रूके। उन्होंने वहां मौजूद लोगों का अभिवादन किया। हालांकि पूर्वनिर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी संजय शुक्ला के निवास पर रूकने वाले थे।

कुछ आगे बढ़ने के बाद राहुल गांधी ने कुछ देर साइकलिंग भी की। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने राहुल गांधी के लिए साइकिल की व्यवस्था की थी। यहां से कुछ देर आगे बढ़ने के बाद सांवेर रोड पर स्थित मेरी मर्जी होटल के पास यात्रा कुछ देर के लिए रूकी।

बारोली टोल नाका निकलने के बाद राहुल गांधी कार में कमलनाथ के साथ बैठे और संजय शुक्ला के फॉर्म हाउस में नाश्ते के लिए गए। टोल नाके पर वाहनों का जाम लग गया। वाहनों को बिना टोल दिए जाने का भी मौका मिल गया।

Share:

Leave a Comment