enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कूनो को इको टूरिज्म का हब बनाया जायेगा :CM डॉ. यादव,कूनो में स्थानीय लोग रोजगार के साथ बहु उदेशीय वन गतिविधियों का होगा संचालन...

कूनो को इको टूरिज्म का हब बनाया जायेगा :CM डॉ. यादव,कूनो में स्थानीय लोग रोजगार के साथ बहु उदेशीय वन गतिविधियों का होगा संचालन...

भोपाल(ईन्यूज एमपी- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश को इको टूरिज्म का हब बनाने के लिए कार्ययोजना बनाई जायेगी। इससे रोजगारोन्मुख अर्थव्यवस्था संचालित करने में सहयोग मिलेगा। भविष्य में कूनो में ही लगभग 2 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा।
गांधी सागर अभयारण्य में भी ऐसी गतिविधियों को संचालित किया जायेगा। प्रदेश में वन आधारित अर्थ-व्यवस्था का नया मॉडल विकसित होगा। केंद्र सरकार के सहयोग से जल, जंगल, जमीन, वन्य प्राणी के संरक्षण के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगारोन्मुखी अर्थ-व्यवस्था बनेगा।

श्योपुर के सेसई पूरा के जंगल रिसोर्ट में चीता पुनर्स्थापन की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा अर्थ-व्यवस्था आधारित गतिविधियों से लोगो को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होगा और वन्य जीवों के साथ जंगल का भी संरक्षण होगा।

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने कहा कि जंगल आधारित अर्थव्यवस्था को संचालित करने के लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के निर्देशानुसार काम किया जाएगा। इसके लिए अलग से राज्य स्तर पर सेल बनाई जाएगी और अपने प्रोजेक्ट बनाकर संबंधित क्षेत्र के इको टूरिज्म वाली जगहों पर लोगों को रोजगार से जोड़ने इसके लिए डेवलपमेंट और अन्य गतिविधियों को संचालित करने के लिए प्रशिक्षित करेगी। श्योपुर कूनो से इसका शुभारंभ होगा।
समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव वन जे एन कंसोटिया, आयुक्त दीपक सिंह, दिल्ली से आए डीजीएफ जितेंद्र कुमार एवं चीता प्रोजेक्ट के सलाहकार एसपी यादव उपस्थित थे।

चीतो के पुनर्स्थापन से पूरे विश्व में हमने सफलता पाई है। जल्दी ही गांधी सागर में भी अफ्रीका और नामीबिया से चीता लाया जाएगा। चीता पुनर्स्थापना में हम सफल हैं और वर्तमान में आठ बच्चे मादा चीता के साथ स्वच्छंद घूम रहे हैं।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि श्योपुर में नए विकास कार्यों की शुरूआत हो रही है। उन्होने 71.89 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण शिलान्यास किया। कूनो में नदी पर पुल निर्माण के लिए 37 करोड़ की राशि खर्च होगी, वहीं आज 7 करोड़ रुपए लागत की नलजल योजना का भूमिपूजन भी किया गया । स्थानीय निवासियों को आशियाना बनाने के लिए दो लाख के स्थान पर ढाई लाख रुपए की राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि क्षेत्र में 19 करोड़ रुपए लागत से पानीवरदा से चिकित्सा महाविद्यालय तक सड़क का निर्माण किया जाएगा। एक पृथक अस्पताल भी प्रारंभ होगा। कूनो क्षेत्र में पेट्रोल पम्प की व्यवस्था भी होगी, ताकि स्थानीय निवासियों को दूर नहीं जाना पड़े। चीता मित्रों को सायकिल प्रदान की गई है,भविष्य में इन्हें आवश्यकतानुसार मोटर सायकिल भी दी जाएगी। रोजगार साधन निरंतर बढ़ाए जाएंगे। विभागों द्वारा सम्मिलित रूप से कार्य किया जाएगा और समन्वित विकास योजना का क्रियान्वय किया जाएगा। राजस्व ग्रामों के साथ वन ग्रामों में आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के कदम उठाए जाएंगे।

Share:

Leave a Comment