enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश कांग्रेस आज जारी कर सकती है एमपी के प्रत्याशियों की तीसरी सूची, 6 सीटों पर लगा सकती है मुहर..

कांग्रेस आज जारी कर सकती है एमपी के प्रत्याशियों की तीसरी सूची, 6 सीटों पर लगा सकती है मुहर..

भोपाल (ईन्यूज एमपी)- लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस मध्य प्रदेश के प्रत्याशियों की आज तीसरी सूची जारी कर सकती है। इससे पहले कांग्रेस दो सूचियां जारी कर चुकी है, पहली सूची में जहां 10 तो वहीं दूसरी सूची में 12 नाम शामिल थे, इस तरह मध्य प्रदेश की 29 में से 22 सीटों पर कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस 29 में से सिर्फ 28 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। खजुराहाे सीट समाजवादी पार्टी से हुए समझौते के तहत कांग्रेस ने छोड़ दी है, लिहाजा यहां पर भाजपा के प्रतिद्वंदी कांग्रेस नहीं सपा होगी।

मुरैना, ग्वालियर, गुना समेत छह सीटों की प्रत्याशियों के नाम तय करने के लिए आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक दिल्ली में होगी। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भाग लेंगे। उधर, बालाघाट सीट से प्रत्याशी बनाए गए सम्राट सिंह सरस्वार को लेकर विरोध के स्वर भी सुनाई दे रहे हैं। पार्टी के विधायक और विधानसभा प्रत्याशियों ने दिल्ली पहुंचकर अपनी बात रखी।
सूत्रों के अनुसार कांग्रेस गुना लोकसभा सीट से जातीय समीकरण को देखते हुए प्रत्याशी उतारने की तैयारी में है। यहां से पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने दावेदारी जताई थी, लेकिन नेता स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाए जाने के पक्ष में हैं। यादव राहुल गांधी समेत वरिष्ठ नेताओं से भेंट भी कर चुके हैं। उधर, संगठन ने उन्हें लोकसभा चुनाव के लिए इंदौर संभाग की जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।

Share:

Leave a Comment