enewsmp.com
Home करियर 1456 चिकित्सा अधिकारियों के लिए आज से होंगे 2800 उम्मीदवारों के साक्षात्कार ....

1456 चिकित्सा अधिकारियों के लिए आज से होंगे 2800 उम्मीदवारों के साक्षात्कार ....

इंदौर (ईन्यूज एमपी)- प्रदेशभर में स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर चिकित्सकों की भर्तियां होनी हैं। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपी पीएससी) के माध्यम से 1456 चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्तियां की जाएंगी। शुक्रवार से आयोग ने साक्षात्कार की प्रक्रिया रखी है, जो 5 अगस्त तक चलेगी। इतने बड़े पैमाने पर सरकार ने आठ साल बाद स्वास्थ्य विभाग में भर्तियां निकाली हैं। इससे पहले कोरोना के दौरान विभाग में 300 से 450 के बीच चिकित्सकों को नियुक्त किया गया था।

आयोग ने 7 जुलाई से 5 अगस्त के बीच 1456 मेडिकल आफिसर की भर्ती को लेकर साक्षात्कार रखे हैं। इसमें 379 सामान्य, 178 एससी, 477 एसटी, 276 ओबीसी, 146 इडब्ल्यूएस वाले पद शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में 2800 उम्मीदवार को बुलाया गया है। दो सत्रों में अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जो सुबह 9 बजे और दोपहर 12 बजे से रखे हैं। प्रतिदिन आयोग के अध्यक्ष व सदस्यों की अध्यक्षता में साक्षात्कार के लिए चार बोर्ड गठित होंगे। प्रत्येक बोर्ड में दो से तीन विषय विशेषज्ञ सदस्य रहेंगे। आयोग के मुताबिक, 2015 के बाद इतनी बड़ी संख्या में मेडिकल आफिसर्स की भर्ती होगी। 2015 में 1896 पदों के लिए प्रक्रिया हुई थी।


रविवार को भी प्रक्रिया
प्रक्रिया जल्द पूरी करने के लिए आयोग ने रविवार को भी साक्षात्कार रखे हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों को पहले ही जानकारी दी है। आयोग के मुताबिक, साक्षात्कार की प्रक्रिया के बाद 60 दिन में परिणाम घोषित किए जाएंगे।

कोरोना में हुई भर्तियां
आयोग ने इससे पहले स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों पर भर्तियां की हैं। 48 अस्पताल सहायक प्रबंधक, 128 डेंटल चिकित्सक, 334 विभिन्न मेडिकल विशेषज्ञों शामिल हैं। विगत कुछ माह में भर्ती पूर्ण कर राज्य शासन को अनुशंसा प्रेषित की गई है। राज्य सेवा परीक्षा 2020 के 214 पदों के भी चयन परिणाम घोषित हुए। अतिरिक्त राज्य शासन के निम्न विभागों में आयोग ने बीते दिनों चयन प्रक्रिया पूर्ण की है। वहीं कोरोना काल के दौरान भी भर्तियां की गई। वर्ष 2021 में 499 चिकित्सा अधिकारी और 2022 में शासन के विभिन्न विभागों 496 पदों पर भर्तियां हुई।

यहां भी भर्तियां
वैज्ञानिक अधिकारी (जीव विज्ञान) : 09
वैज्ञानिक अधिकारी (भौतिक) : 08
वैज्ञानिक अधिकारी (रसायन) : 13
पशु चिकित्सक : 93
बीमा चिकित्सा अधिकारी : 54
सहायक वन संरक्षक, 2019 : 06
शिशु रोग विशेषज्ञ : 83
कुल योग : 266
अगस्त से अक्टूबर के बीच होगी प्रक्रिया
आयोग द्वारा राज्यसेवा परीक्षा-2019 के साक्षात्कार 9 अगस्त से सितंबर के दूसरे सप्ताह तक खत्म किए जाएंगे। राज्य अभियांत्रिकी परीक्षा-2021 के 487 पदों, सहायक लोक अभियोजन अधिकारी- 2021 के 256 पदों, आयुष विभाग के आयुर्वेद, यूनानी एवं होम्योपैथी चिकित्सक के साक्षात्कार भी अक्टूबर तक होंगे।

Share:

Leave a Comment