भोपाल(ईन्यूज एमपी) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के भोपाल प्रवास के ठीक 12 घंटे पहले पार्टी ने निर्दलीय विधायक मुनमुन राय को भाजपा की सदस्यता दिलाकर सियासत गर्म कर दी। रात 11.30 बजे पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने राय को पार्टी में शामिल करने की औपचारिकता निभाई। राय वर्ष 2013 के चुनाव में सिवनी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय निर्वाचित हुए थे। वैसे घोषित रूप से राय अब तक भाजपा में शामिल तो नहीं हुए थे, लेकिन 2014 के लोकसभा में भी उन्होंने परोक्ष रूप से भाजपा का ही काम किया था। तब से माना जा रहा था वह जल्दी भाजपा की सदस्यता ले सकते हैं। गौरतलब है कि 2013 में भी बीजेपी ने कांग्रेस के उपनेता चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी को भाजपा में शामिल कराया था। इसके बाद से भिंड सांसद डॉ. भागीरथ प्रसाद को भाजपा में तब लाया गया, जब 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें बी फार्म आवंटित कर दिया था। भाजपा के पूर्व संगठन महामंत्री अरविंद मेनन ने विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे संजय पाठक को कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल कराया। पार्टी ने बाद में पाठक को टिकट दी और उप चुनाव लड़ाया ।उपचुनाव में विजयी होने के बाद संजय पाठक को शिवराज कैबिनेट में शामिल कर मंत्री बनाया गया। इसी क्रम में मैहर से 2013 कांग्रेस पार्टी से निर्वाचित विधायक नारायण त्रिपाठी को भी भाजपा में शामिल कराया गया। बाद में मैहर में उपचुनाव हुआ। त्रिपाठी ने कमल चुनाव से चुनाव लड़ा और विजयी हुए। इसी तरह सीहोर से निर्वाचित निर्दलीय विधायक सुदेश राय को भी पार्टी ने भाजपा में शामिल कर लिया है। टीकमगढ़ के कांग्रेस विधायक दिनेश अहिरवार ने भी बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा का सपोर्ट किया था, लेकिन दल-बदल कानून के डर से उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं ली थी। माना जा रहा है कि पार्टी अहिरवार को भी सदस्यता दिलाने की कोशिश में है।